मिसाल न्यूज़
रायपुर। दीपावली पूर्व राजधानी रायपुर की सड़कों की प्रकाश व्यवस्था पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज नगर निगम मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने निगम के बिजली विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे अफसरों से कहा कि दीपावली से पहले निगम सीमा क्षेत्र में जरूरत के हिसाब से विभिन्न स्थानों पर 2000 स्ट्रीट लाइटें लग जाएं, जिससे कि दीपावली केसमय शहर जगमगा उठे। बैठक में नगर निगम की विद्युत एवं अभियांत्रिकी विभाग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय मौजूद थीं।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के पूर्व यह सुनिश्चित हो कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी जोन और वार्ड में किसी भी मार्ग में अंधकार न रहे। सभी जोनों में अनुबंधित एजेंसी ठेकेदार के माध्यम से वार्डों में आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाईट फिटिंग पर तत्काल काम करे। राजधानी में स्ट्रीट लाईट प्रबंधन स्मार्ट सिटी के अनुरूप हो।
बैठक में अधीक्षण अभियंता संजय बागड़े, कार्यपालन अभियंता संदीप शर्मा, उप अभियंता श्रीमती प्रेरणा अग्रवाल सहित सभी 10 जोनों के बिजली विभाग के उप अभियंता एवं कार्य सहायक उपस्थित थे।

