मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में भारी गड़बड़ी चल रही है। लगभग 800 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा नहीं मिला है। लगभग 1200 लोगों को नक्शा मिल गया है किंतु वे मकान बनाना प्रारंभ नहीं कर पा रहे हैं। इससे यह साबित होता है कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बुरी तरह फेल है। कांग्रेस पार्टी आम जनता को उसका अधिकार दिलाकर रहेगी। जरूरत पड़ी तो सड़क की लड़ाई भी लड़ी जाएगी।
नगर निगम मुख्यालय में आज पत्रकार वार्ता में निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 1023 लोगों की सूची सेंट्रल से स्वीकृत हो गई है किंतु राज्य सरकार से अप्रूवल नहीं मिल रहा है। किसी को 5 महीने से, किसी को 6 महीने से किसी को 8 महीने से किस्त नहीं मिली है। गरीब व्यक्ति अपने परिचितों-रिश्तेदारों से उधारी पैसे लेकर एवं घर के गहने गिरवी रखकर मकान बनाने मजबूर हो रहा है। गरीब व्यक्ति सरकार के सहयोग से अपना खुशियों का आशियाना बनाना चाहता है। सरकार पैसे देने के बजाय उसे रुला रही है। लोग खुद के मकान को तोड़कर अब किराए में रहने मजबूर हो गए हैं। इस योजना से जुड़े अधिकारी सुस्त पड़े हुए हैं।
आकाश तिवारी ने कहा कि क्रांति यादव पति हरिराम यादव हीरापुर, पलटन निषाद सड्डू बजरंगपारा, प्रेम कुमार नालापारा कचना, शीला ध्रुव अयोध्या नगर चांगोराभाठा यह उन हितग्राहियों के नाम हैं जिन्हें किस्त के नाम पर केवल आश्वासन मिलते रहा है। इन्होंने कर्ज लेकर अपने मकान को बनवाना भी प्रारंभ कर दिया, लेकिन पैसे की अनुपलब्धता के कारण संकट में आ गए हैं।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज शर्मा उपस्थित थे।

