छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की 11 मांगों को लेकर 29 से 31 तक कलमबंद हड़ताल

मिसाल न्यूज़
रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन 11 मांगों को लेकर 29 से 31 दिसंबर तक कलमबंद हड़ताल करने जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की तरफ से 11 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है।  प्रथम चरण में 16 जुलाई को जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। 22 अगस्त को फेडरेशन के नेतृत्‍व में कलम बंद-काम बंद आंदोलन के तहत सामूहिक अवकाश लेकर जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया गया। साथ ही ज्ञापन भी सौंपा गया था।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि फेडरेशन की तरफ से “मोदी की गारंटी” के तहत किए गए वादों को पूरा करने की मांग की जा रही है। इसके लिए आंदोलन के माध्यम से लगातार शासन-प्रशासन से पत्राचार किया जा रहा है। इसके बावजूद अब तक निराकरण के लिए त्वरित कार्यवाही नहीं होने के कारण प्रदेश के कर्मचारी-अधिकारी काफी आक्रोशित हैं। फेडरेशन की प्रांतीय कोर कमेटी की 19 नवंबर को हुई बैठक में 22 से 24 दिसंबर तक (तीन दिवसीय) निश्चितकालीन आंदोलन करने का निर्णय लिया था । अब इस निश्चितकालीन आंदोलन को 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक (तीन दिवसीय) करने का निर्णय लिया है।
वर्मा ने बताया कि फेडरेशन से 29 से 31 दिसंबर तक घोषित हड़ताल को सफल बनाने के लिए संभाग स्‍तरीय बैठकों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दुर्ग संभाग की बैठक  13 दिसंबर के दुर्ग, बिलासपुर संभाग की 18 दिसंबर को बिलासपुर, सरगुजा संभाग की 19 दिसंबर को सूरजपुर, रायपुर संभाग की 20 दिसंबर को रायपुर तथा बस्तर संभाग की 21 दिसंबर को दंतेवाड़ा में होगी।
फेडरेशन की प्रमुख मांगें:
0 केंद्र सरकार के समान कर्मचारियों एवं पेंशनरों को देय तिथि से महंगाई भत्ता (DA) लागू किया जाए
0 DA एरियर्स की राशि कर्मचारियों के GPF खाते में समायोजित की जाए
0 सभी कर्मचारियों को चार स्तरीय समयमान वेतनमान दिया जाए
0 लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक किया जाए
0 प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए संपूर्ण सेवा लाभ दिया जाए। पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाए
0 सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को तृतीय समयमान वेतनमान दिया जाए। नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन एवं समयबद्ध पदोन्नति दिया जाए
0 अनुकंपा नियुक्ति नियमों में 10 प्रतिशत सीलिंग में शिथिलीकरण की जाए
0 प्रदेश में कैशलेश सुविधा लागू की जाए
0 अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिवस की जाए
0 दैनिक,अनियमित,संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की ठोस नीति बने
0 सभी विभागों में समानता लाते हुए सेवानिवृत्त आयु 65 वर्ष की जावे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *