महापौर ने करबला तालाब में चल रहे उद्यान सौंदर्यीकरण एवं रिटेनिंग वाल निर्माण का किया निरीक्षण… समय सीमा में काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लेक लिस्डेट करने निर्देश…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज स्वामी आत्मानंद सरोवर (करबला तालाब) में उद्यान सौंदर्यीकरण एवं  रिटेनिंग वाल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कार्य की रफ्तार काफी धीमी होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। महापौर ने संबंधित अफसरों को निर्देशित किया कि ऐसे ठेकेदार जो समय सीमा में कार्य पूर्ण करके नहीं देते उन्हें ब्लेक लिस्टेड किया जाए।

स्वामी आत्मानंद वार्ड अंतर्गत करबला तालाब में  15वें वित्त आयोग अंतर्गत 1 करोड़ की लागत से उद्यान सौंदर्यीकरण एवं 1 करोड़ 44 लाख की लागत से रिटेनिंग वाल निर्माण कार्य हो रहा है। करबला तालाब में उद्यान सौंदर्यीकरण कार्य के लिए अनुबंधित ठेकेदार प्रवीण जैन और रिटेनिंग वाल निर्माण कार्य के लिए अनुबंधित ठेकेदार कन्हैया गुप्ता के ऊपर नाराजगी जताते हुए महापौर ने अगले डेढ़ माह के भीतर शेष बचे प्रगतिरत विकास कार्यों को शत प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जोन 7 कार्यपालन अभियंता ईश्वरलाल टावरे ने महापौर को बताया कि लगभग 40 प्रतिशत विकास कार्य अब तक स्थल पर किये गए हैं। जबकि लगभग 60 प्रतिशत कार्य शेष हैं। समय सीमा पूर्ण हो चुकी है। इस पर नगर निगम द्वारा संबंधित अनुबंधित ठेकेदारों को नियमानुसार प्रक्रिया के तहत अंतिम नोटिस दी गई है।

महापौर ने कहा है कि विकास कार्यों को समय पर गुणवत्ता सहित पूर्ण करवाना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी विकास कार्य से संबंधित कोई भी देयक का सम्बंधित स्थल की जाँच और निरीक्षण किये बिना भुगतान नहीं किया जाये।

महापौर के निरीक्षण के दौरान निगम मुख्यालय के अधीक्षण अभियंता पी. राजेश नायडू, कार्यपालन अभियंता योजना अंशुल शर्मा (सीनियर) एवं जोन 7 कमिश्नर राकेश शर्मा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *