मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम में जल बोर्ड का गठन होते ही पानी को लेकर मिटिंग बुलाने में देर नहीं लगी। महापौर श्रीमती मीनल चौबे निगम के नवगठित जल बोर्ड समिति के सदस्य अधिकारियों की आज महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान निगम कमिश्नर विश्वदीप तथा निगम जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू की विशेष उपस्थिति रही। उल्लेखनीय है कि दो ही दिन पहले 18 जनवरी को नगर निगम का जल बोर्ड अस्तित्व में आया है। जल बोर्ड के सूचारुपूर्ण ढंग से संचालन हेतु 5 जोनों का दायित्व अधीक्षण अभियंता पी. राजेश नायडू तथा 5 जोनों का अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर को सौंपा गया है।

बैठक में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर शहर में पेयजल की समस्या को देखते हुए जल बोर्ड का गठन किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करना है। राईजिंग एवं मेन डिस्ट्रीब्यूशन लाईन की जानकारी संकलित कर समस्त जोनों के साथ मिलकर कार्य सुनिश्चित किया जाए। समस्त जोन के चिन्हित वार्ड जहां जल संकट एवं पाईप लाईन विस्तारीकरण का कार्य नहीं हुआ है ऐसे स्थानों का चिन्हांकन कर कार्य योजना समय सीमा में बनाई जाए। पेयजल संकट वाले मुख्य स्थानों की जांच कर उसके स्थायी निराकरण हेतु प्रस्ताव 15 दिन के भीतर प्रस्तुत किए जाएं। स्मार्ट सिटी प्लान डिजाइन संकलित कर कार्य किए जाएं। रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
ज्ञात हो कि जल बोर्ड में 8 सदस्यीय टीम काम करेगी। शहर में पानी की समस्या, पाईप लाईन विस्तारीकरण का कार्य, पाईप लाईन लीकेज ऐसे सभी कार्यों की सम्पूर्ण जिम्मेदारी समिति के सभी सदस्यों की होगी। शहर में पेयजल संकट को लेकर शासन का स्पष्ट निर्देश है कि पेयजल से संबंधित कोई भी प्रस्ताव शासन स्तर पर नहीं रूकेंगे। जल बोर्ड के सभी सदस्य मार्निंग विजिट कर चिन्हित पेयजल संकट वाले स्थानों का अध्ययन कर फोटो साझा करेंगे। नई पाईप लाईन विस्तारीकरण कार्य में राईजिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन के कार्यों का प्रस्ताव इंजीनियर्स अच्छी तरह जांच के उपरांत प्रस्ताव महापौर के समक्ष रखेंगे।
जल बोर्ड समिति की बैठक में प्रभारी अधीक्षण अभियंता पी. राजेश नायडू, राजेश राठौर, कार्यपालन अभियंता जल नरसिंग फरेन्द्र, पद्माकर श्रीवास, प्रभारी कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (जुनियर), सहायक अभियंता अनुराग पाटकर, उप अभियंता योगेन्द्र साहू, शुभम तिवारी एवं रमेश पटेल उपस्थित थे।

