मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि रायपुर उत्तर विधानसभा अंतर्गत जोन क्रमांक 3 में आने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड में विगत कई दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है। इससे बड़ा मजाक वहां और क्या होगा कि पानी टंकी के लिए भूमि का चयन नहीं हो पाता और टेंडर हो जाता है।
आकाश तिवारी ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड में नवीन पानी टंकी के लिए 22 करोड़ का टेंडर जारी हो गया है। भूमि पूजन की तैयारी जोर-शोर से खुद नगर निगम के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। किंतु धरातल पर स्थित कुछ और टेंडर हो गया। अच्छी बात यह है कि जनता के हित में पानी के लिए टंकी का निर्माण किया जा रहा है। टंकी कहां बनेगी नगर निगम के सामने यह सवाल उठ खड़ा हुआ है। नगर निगम को पटवारी के द्वारा शासकीय भूमि का कागज दिया जाता है। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा भूमि पूजन के 1 दिन पहले जब वहां साफ सफाई की जाती है तब महिला एवं बाल विकास के अधिकारी वहां जाकर अपनी जमीन है होने का दावा करते हैं। सवाल यह कि क्या यह सब तहकीकात हमें टेंडर जारी करने के पहले नहीं कर लेनी थी? क्या पहले उस विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लेना था?
तिवारी ने कहा कि रायपुर उत्तर विधानसभा के साथ मजाक हो रहा है। टंकी का भूमि चयन हो नहीं पाता और टेंडर हो जाता है। यह नगर निगम की नई कार्यशैली है। भीषण पानी के संकट में जहां 30 से 35 पॉइंट ड्राय बने हुए हैं वहीं रात दिन टैंकर चल रहे हैं। जोन क्रमांक 3 का यह बेलगाम रवैया है जो जनता को उनके पीने का पानी नहीं दिलवा पा रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

