0 2028 तक रायपुर दक्षिण के सभी वार्डो़ं को जलभराव की समस्या से मुक्त करवाने का संकल्प- सुनील सोनी
0 वर्षा जल का संचय करने रेन वाटर हार्वेस्टिंग करवाएं- मीनल चौबे
मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी एवं महापौर मीनल चौबे ने आज डॉ. विपिन बिहारी सूर वार्ड एवं चंद्रशेखर आजाद वार्ड में लगभग 1 करोड़ 6 लाख रूपये के नये विकास कार्यों का भूमिपूजन कर दोनों वार्ड के नागरिकों को दी शानदार सौगात दी। इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी ने कहा कि मैंने वर्ष 2028 तक रायपुर दक्षिण के सभी वार्डो़ं को जलभराव की समस्या से मुक्त करवाने का संकल्प लिया है। वहीं महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नागरिकों से आह्वान किया कि पानी की बूंद बूंद बचाएं एवं वर्षा जल का संचय करने रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपने घरों में करवाएं।

रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के जोन क्रमांक 4 अंतर्गत डॉ विपिन बिहारी सूर वार्ड में मारवाड़ी श्मशानघाट के समीप वार्ड में 3 विभिन्न स्थानों पर नई सीसी रोड, नाली, पुलिया आदि के लगभग 30 लाख के नये विकास कार्यों का भूमि पूजन हुआ। जोन 6 के चंद्रशेखर आजाद वार्ड अंतर्गत अयोध्या नगर में सीसी रोड नाली, पुलिया एवं अन्य विविध नये विकास कार्यों का विभिन्न 11 स्थानों पर लगभग 76 लाख की लागत से श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम के लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेश विभाग अध्यक्ष मनोज वर्मा, चंद्रशेखर आजाद वार्ड पार्षद रमेश सपहा, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद श्रीमती अंजली जितेन्द्र गोलछा, श्रीमती जयश्री नायक, प्रमोद कुमार साहू,रवि सोनकर, रायपुर शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, मण्डल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता राकेश सिंह, नगर निगम जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा एवं सहायक अभियंता दीपक देवांगन उपस्थित थे।

