मूणत ने कहा- “नगर निगम में जो भी गलतियां होती रहीं उनके सुधार पर हो फोकस, नेता व अफसर गाड़ी के दो पहिये”

● पार्षदों एवं निगम अफसरों के बीच समन्वय आवश्यक- महापौर

● मेरा विजन 10 वर्षों का- निगम कमिश्नर

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने आज दीनदयाल ऑडिटोरियम में नगर निगम के नेताओं व अफसरों की बैठक ली। यह बैठक पश्चिम विधानसभा में आने वाले जोन दफ्तरों एवं वार्डों पर केन्द्रित थी। मूणत ने कहा कि नगर निगम में अब तक जो भी गलतियां होती रहीं उनके सुधार पर फोकस हो। जन प्रतिनिधि व अधिकारी दोनों नगर निगम की गाड़ी के पहिये हैं। एक पहिया भी कमजोर पड़ जाए तो गाड़ी का दौड़ पाना मुश्किल है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि पार्षदों एवं निगम अफसरों के बीच समन्वय आवश्यक है। वहीं निगम कमिश्नर ने कहा कि यहां छह महीने रहूं या आठ महीने या फिर साल भर, मेरा विजन 10 वर्षों का है। बैठक में सभापति सूर्यकांत राठौर उपस्थित थे।

बैठक में राजेश मूणत ने कहा कि अधिकारीगण पार्षदों की बातों को महत्व दें। दोनों मिल-जुलकर काम करें। शहर को सााफ सुथरा रखने एवं सुंदर बनाने की जिम्मेदारी हम सब की है। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में नियम विरुद्ध काम बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। मेरे रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण, अवैध निर्माण या प्लाटिंग होते दिखे तो दोषी को न बख्शें। 2018 से 2023 के बीच नोटिस-नोटिस का खूब खेल चला। इधर नोटिसें जारी होती रहीं उधर अवैध प्लाटिंग की बाढ़ आ गई। कहीं पर कभी कोई एफआईआर होते नहीं दिखी। अवैध प्लाटिंग वाली जगह पर टेम्परेरी मीटर लगते चले गए। नक्शे भी पास होते चले गए। निगम से तीन नोटिस पहुंचते तक पूरा ढांचा ही खड़ा हो जाता है। मूणत ने अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा कि काम में ऐसी तेजी रहे कि जहां अवैध निर्माण हो रहा हो वहां प्लींथ लेवल पर जाकर ही काम रुक जाए। पूर्व में हुई गलतियों को सुधारने की जरूरत है।

मूणत ने कहा कि अधिकारी डिमांड बेस पर काम न करें। आवश्यकता पड़ने पर पहले सर्वे हो फिर अंतिम निर्णय लेकर काम शुरु हो। डिमांड बेस पर काम होते रहने के कारण नालियों के निर्माण में कोई बहुत अच्छे नतीजे सामने नहीं आए। पानी की पाइप लाइन बिछाने पर भी सोच समझकर आगे बढ़ने की ज़रूरत है।

मूणत ने कहा कि रोड में कहीं भी ठेले व गुमटियां जो नजर आ जाती हैं उन पर कोई ठोस वेंडर पॉलिसी बने। ठेले व गुमटियां चलाने वाले जब रात में अपनी दुकान बढ़ाएं तो वहां पर सफाई को लेकर उनकी जिम्मेदारी तय करनी पड़ेगी।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे का गर्मी में होने जल संकट व बरसात में होने वाले जलभराव जैसी बातों पर जोर रहा। महापौर ने कहा कि रामकी कंपनी के माध्यम से जो डोर डोर डोर कचरा कलेक्शन हो रहा है वह शत प्रतिशत होना चाहिए। अधिकारीगण पार्षदों के साथ समन्यवय बनाकर काम करें। महापौर ने कहा कि समीक्षा बैठक से जनता के मध्य कामों के लिए समुचित समाधान अवश्य निकलेगा।

समीक्षा बैठक शुरु होने से पहले महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ एवं निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने बुके प्रदत्त कर विधायक राजेश मूणत का स्वागत किया। बैठक में एमआईसी सदस्य श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय व भोलाराम साहू, जोन 8 अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर, जोन 1 अध्यक्ष गज्जू साहू, जोन 7 अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, पार्षदगण श्रीमती मीना ठाकुर, श्रीमती रामहिन कुर्रे, आशु चंद्रवंशी, आनंद अग्रवाल, राजेश कुमार देवांगन, संदीप साहू, अर्जुन यादव, महेंद्र औसर, अमन सिंह ठाकुर, श्रीमती रोनिता प्रकाश जगत व श्रीमती दीप मनीराम साहू, एल्डरमेन अनिल सोनकर, निगम अपर कमिश्नरगण लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय व श्रीमती कृष्णा खटीक, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, रायपुर पश्चिम विधानसभा अंतर्गत जोन कमिश्नरगण, कार्यपालन अभियंतागण, उपायुक्तगण, सहायक राजस्व अधिकारीगण, जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण, सहायक अभियंतागण एवं उपअभियंतागण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *