मिसाल न्यूज़
रायपुर। ऑक्सीजोन निर्माण के नाम पर 9 साल पहले पंडरी रोड पर खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए दुकानदारों का प्रतिनिधि मंडल आज नगर निगम मुख्यालय में महापौर श्रीमती मीनल चौबे से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि शंकर नगर के समीप क्रिस्टल ऑर्केड के सामने नगर निगम जहां उनका व्यवस्थापन करने जा रहा है, दुकानें U (यू), L (एल) या J (जे) आकार में बनाकर दी जाएं।
ज्ञापन में कहा गया कि खालसा स्कूल के सामने से मुख्यमंत्री स्वावलंबन रोजगार योजना के तहत बनी 69 दुकानों को नगर निगम ने 26 दिसम्बर 2017 को तोड़ गिराया था। राज्य शासन ने शंकर नगर के समीप क्रिस्टल ऑर्केड के सामने सभी 69 दुकानदारों के व्यवस्थापन की अनुमति प्रदान की है, जिसका राजपत्र में प्रकाशन भी हो चुका है। विगत 11 अगस्त को महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम राजस्व एवं बाजार विभाग के अध्यक्ष अवतार बागल, नगर निगम जोन 3 अध्यक्ष श्रीमती साधना साहू तथा निगम डिप्टी कमिश्नर (राजस्व एवं बाजार) श्रीमती अंजली शर्मा की मौजूदगी में सभी 69 दुकानों की लॉटरी हो चुकी है। लॉटरी तो हो गई लेकिन दुकानों का स्वरुप क्या होगा, इस पर दुकानदारों में संशय है। सभी दुकानदारों की मांग है कि 69 दुकानों की संरचना U, L या J आकार में हो, जिससे कि सभी दुकानों को फ्रंट मिल सकेगा, जैसा कि खालसा स्कूल के सामने था। U, L या J संरचना में दुकानें बनने से सभी दुकानदारों को अपने वाहन खड़ा करने की भी सहूलियत हो पाएगी। अनुरोध है कि सभी 69 दुकानों का निर्माण U, L या J संरचना में करवाएं।
महापौर से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में खालसा निगम काम्पलेक्स व्यापारी समिति के संरक्षक अनिरुद्ध दुबे, पूर्व पार्षद दिलीप सारथी, समिति के अध्यक्ष उमेश नामदेव, सचिव परेश चौहान, जितेन्द्र मंडल, शिवशंकर अग्रवाल, गुलाम अऐफाज, विजय सुराना एवं दिनेश मंडावी शामिल थे।

