मिसाल न्यूज़
रायपुर। छात्र-छात्राओं से संवाद कार्यक्रम के तहत रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी आज कालीबाड़ी चौक के पास स्थित जे.आर. दानी स्कूल पहुंचे। वहाँ उन्होंने दसवीं एवं बारहवीं की 75 छात्राओं को उत्कृष्ठता प्रमाण पत्र और 5000-5000 रूपये का चेक प्रदान किया। प्रदेश भर के ऐसे छात्र छात्राएं जो कि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आने वाली स्कूलों में अध्ययनरत हैं और 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं उन्हें पुरस्कृत करने का सिलसिला जारी है। 19 स्कूलों के लगभग 227 विद्यार्थी अभी तक पुरस्कृत किये जा चुके हैं।
विधायक सुनील सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मेरे द्वारा दक्षिण विधानसभा के सभी शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। यहाँ वे भी छात्र-छात्राएं हैं, जो यहाँ रायपुर में रहकर पढ़ते हैं, लेकिन वे रायपुर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों के निवासी भी हैं। जीवन में टाईम मैंनेजमेंट का अत्यंत महत्व है और आप नियमित दिनचर्या के लिए आज से ही प्रण करें। रात को सोने से पहले अपने अगले दिन की दिनचर्या तय करें। समय के पाबंद बनें और स्कूल आने से पहले घर से अपने बड़ों के चरण स्पर्श कर स्कूल निकलें। अपने गंतव्य के लिए विलंब से नहीं बल्कि समय के पहले पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्र घर से स्कूल के लिए केवल पढ़ने नहीं आते बल्कि अपने परिवार का सपना पूरा करने आते हैं। आपको संयमित होकर और अधिक उर्जावान बनना है, आगे बढ़ना है और शिखर तक पहुंचना है। आगे बढ़ने और अच्छे नागरिक बनने के लिए जो महापुरूषों का अनुसरण करें और जो आपको ज्यादा अच्छे लगते हैं, उनके बारे में अध्ययन करें।
इस अवसर पर भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, जिला पदाधिकारी अकबर अली, जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा, सदर बाजार मंडल अध्यक्ष संतोष सोनी, भाठागांव मंडल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, पुरानी बस्ती मंडल अध्यक्ष केदार धनगर, लाखे नगर मंडल अध्यक्ष सचिन सिंघल, पार्षद रमेश सपहा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा साहू, संतोषी साहू, भाजयुमो जिला महामंत्री पुखराज गायकवाड़, मंडल अध्यक्ष पियूष सिंह ठाकुर, मुकेश यदु, रोहित निहाल सहित प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।

