0 फिर उठाया सवाल, कहां है ट्रिपल इंजन सरकार
मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी आज जब फुंडहर स्थित नगर निगम गौठान का निरीक्षण करने पहुंचे रास्ते में एक लावारिस गौ माता को मृत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत जोन क्रमांक 9 के अधिकारियों से संपर्क कर जेसीबी बुलवाया और स्वयं की उपस्थिति में मृत गौ माता का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करवाया। तिवारी ने आज फिर सवाल उठाया कि ट्रिपल इंजन सरकार कहां है।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि ये सुशासन की सबसे बड़ी नाकामी है। एक तरफ हम गौ माता को माता का दर्जा देने की बात करते हैं, दूसरी तरफ हमारी राजधानी की सड़कों पर गौ माता लावारिस मौत का शिकार हो रही हैं। नगर निगम चलाने वाले केवल दौरा और बैठकों का दौर चलाकर संतुष्ट हैं। समाधान किसी भी प्रकार का नहीं निकल कर आ रहा है। गो-धन को हो रही समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। अगर समय पर लावारिस गौवंश को पकड़कर उचित गौठान में रखा जाता, तो शायद ये गौ माता आज जिंदा होती।
उल्लेखनीय है कि विगत 3 दिन से आकाश तिवारी लगातार गौठान का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने पाया कि फुंडहर गौठान में क्षमता से 3 गुना अधिक गौ माता रखी गई हैं। चारा, पानी और जगह की भारी किल्लत है। कल ही 100 गौ माताओं को 9 घंटे तक बारिश में 6 गाड़ियों में इधर-उधर भटकाया गया, लेकिन कहीं जगह नहीं मिली। नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम प्रशासन और ट्रिपल इंजन की सरकार से मांग की कि लावारिस गौवंश को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। गौठानों की क्षमता बढ़ाई जाए और मृत गौवंश का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार सुनिश्चित किया जाए।

