“प्रोजेक्ट वंदन”- कलेक्टर व नगर निगम कमिश्नर ने रिटायर हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मान के साथ दी विदाई

● 29 सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी शासकीय स्कूलों में दे रहे निःशुल्क सेवाएं

मिसाल न्यूज़

रायपुर। आप सभी सदैव स्वस्थ्य रहें, दीर्घायु हों, अपने जीवन के द्वितीय पाली का आनंद लें। आपने जीवन भर शासकीय सेवा करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने यह कहते हुए जिले के विभिन्न विभागों से 49 सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का “प्रोजेक्ट वंदन” के तहत सम्मान किया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने हाथों में पेंशन पेमेन्ट ऑर्डर (पीपीओ), जीपीओ सहित सभी सत्वों की राशि लेकर विदा हुए। उनके चेहरे में मुस्कुराहट थी और संतुष्टि का भाव भी था। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा उपस्थित थे।

कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रोजेक्ट वंदन के तहत जिला प्रशासन द्वारा रिटायरमेंट होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी सत्वों का निराकरण रिटायरमेंट के दिन ही किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट सेकेण्ड इनिंग” चल रहा है। इसके तहत रिटायरमेंट होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी से आग्रह किया जाता है कि वे अपना कुछ समय स्कूलों में व्यतीत करें। इससे वे स्वस्थ्य रहेंगे और उनके अनुभव का लाभ बच्चों को भी मिलता है। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में 29 सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी शासकीय स्कूलों में निःशुल्क सेवाएं दे रहे हैं। यह सारे लोग समय पर स्कूलों में पहुंचते हैं और बच्चों को पूरी रूचि से पढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला कोषालय अधिकारी गजानंद पटेल एवं सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *