मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 एवं 5 के वार्डों में विकास कार्यों एवं मूलभूत नागरिक सुविधाओं की स्थिति को लेकर आज विधायक राजेश मूणत ने समीक्षा बैठक की। मूणत ने गोल चौक के पास हो रहे अवैध निर्माणों पर नाराजगी जताते हुए अफसरों को तत्काल उस पर रोक लगाने कहा। बैठक में महापौर श्रीमती मीनल चौबे समेत जोन अध्यक्षगण, संबंधित वार्डों के पार्षदगण, तथा जोन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

राजेश मूणत ने जोन 2 के अफसरों की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि इस जोन के कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां स्ट्रीट लाइटों के न जलने से संबंधित शिकायतें हैं उसे तत्काल दुरुस्त कराएं। उन्होंने जोन 1 के अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा कि खमतराई क्षेत्र के करीब पैराडाइज़ हॉटल से लेकर रेल्वे अंडर ब्रिज तक का रास्ता बेहद संकरा है जिससे अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थित बनी रहती है इस पर कार्य योजना तैयार करें। मूणत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। आगामी त्यौहारी अवसरों को ध्यान में रखते हुए वार्डों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनप्रतिनिधियों के सुझावों
को प्राथमिकता देने निर्देश
मूणत ने कहा कि पार्षद अपने वार्ड की समस्याओं और आवश्यकताओं से सीधे जुड़े होते हैं। इसलिए उनके द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से लिया जाए और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
वार्डवार विकास प्लान तैयार करें
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप वार्डवार विकास प्लान तैयार किया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकताओं की स्पष्ट जानकारी और प्रस्ताव प्राप्त होने पर प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
धरातल पर जाकर काम करें
मूणत ने जोर देते हुए कहा कि विकास योजनाएं केवल कार्यालयों में बैठकर तैयार नहीं की जानी चाहिए। अधिकारियों को वार्डों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करना चाहिए। इससे नागरिकों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।
विधायक ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक संसाधन जुटाने के साथ-साथ अधिकारियों की जवाबदेही, कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
महापौर ने समन्वय के साथ
कार्य करने के दिए निर्देश
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्डों में विकास कार्यों को गति देने तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्षदों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

