रायपुर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि नगर निगम के ऑक्सीजोन गार्डन एवं रवि नगर गार्डन सहित अन्य सभी उद्यानों का पिछले कई महीनों से बुरा हाल है। इन उद्यानों के साथ सबसे बड़ी समस्या पर्याप्त लाइटों का नहीं होना है।

आकाश तिवारी ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि अकेले ऑक्सीजोन गार्डन में 40 से अधिक लाइटें विगत कई महीनों से बंद पड़ी हैं। लोग मजबूरी में अंधेरे में टहलने को विवश हैं, जिससे असुरक्षा की भावना बढ़ी हुई है। ऐसी ही बदहाल स्थिति रवि नगर गार्डन की भी है। यह वही उद्यान हैं जहाँ शहर के कोने-कोने से आम नागरिक अपने परिवार, बच्चों और बुजुर्गों के साथ सुकून के कुछ पल बिताने आते हैं। इन उद्यानों की दुर्दशा देखकर मन में एक ही सवाल उठता है कि क्या रायपुर नगर निगम ने इन उद्यानों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है? इस गंभीर समस्या को लेकर हमारे द्वारा 10 सितंबर को निगम प्रशासन से लिखित शिकायत की गई थी। उसके बाद 21 सितंबर को जोन क्रमांक 4 द्वारा शासन को पत्र भेजकर बंद लाइटों को चालू करने के लिए इंजीनियरों से प्राक्कलन (Estimate) बनवाकर भेजा गया, किंतु आश्चर्य की बात है कि आज तारीख तक उस प्राक्कलन की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। यह कार्यप्रणाली नगर निगम और वर्तमान भाजपा की चुनी हुई सरकार की लापरवाही को स्पष्ट रूप से उजागर करती है।
तिवारी ने कहा कि मैं नगर निगम प्रशासन और प्रदेश सरकार से पूछना चाहता हूँ कि क्या प्रदेश सरकार के पास रायपुर नगर निगम के उद्यानों में 40 लाइटें सुधारने तक के लिए फंड नहीं है? आखिर कब तक आम जनता को निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की इस अनदेखी का खामियाजा भुगतना पड़ेगा? नगर निगम की इस घोर लापरवाही के कारण आम जनता में भारी आक्रोश है। यदि 7 दिनों के भीतर इन उद्यानों सहित गांधी उद्यान अनुपम उद्यान गुरु तेग बहादुर उद्यान गोपी चांदननानी कटोरा तालाब उद्यान की लाइट व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

