मिसाल न्यूज़
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विवादित व अविवादित नामांतरण, बंटवारा, डायवर्सन और सीमांकन के मामलों का समय-सीमा के भीतर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, आरआरसी प्रकरणों में सख्ती से वसूली करने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा और कार्यालयों व परिसरों में खड़े अनुपयोगी वाहनों की नीलामी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए फ्री बस पास बनवाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, परिवहन विभाग के अधिकारी से चर्चा कर 40 प्रतिशत से अधिक के पात्र दिव्यांगजनों के लिए भी फ्री बस पास सेवा को सुगम बनाने पर जोर दिया गया। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने विभागों के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निपटारा करने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने की हिदायत दी। उन्होंने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए निर्माण एजेंसियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, आगामी राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

