विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा- शंकर नगर बीटीआई ग्राउंड में कोई भी व्यावसायिक या आवासीय परिसर नहीं बनेगा

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बीटीआई ग्राउंड शंकर नगर में कोई भी व्यावसायिक या आवासीय  परिसर नहीं बनेगा। जो भी परिसर बनेगा बीटीआई ग्राउंड से लगकर सरकारी कर्मचारियों के जो जर्जर मकान हैं वहां बनेगा। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में नुआखाई भेंटघाट आयोजन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए गौरवपूर्ण व प्रेरणादायी क्षण रहा।

पुरंदर मिश्रा ने आज प्रेस वार्ता में कहा कि हमारे पास उपलब्धियां गिनाने के लिए काफी कुछ है। नवनिर्मित कचना ओव्हर ब्रिज इस बात का उदाहरण है। आगे पंडरी रोड पर खालसा स्कूल के पास भी ओव्हर ब्रिज बनेगा। यह पूछे जाने पर छत्तीसगढ़ मंंत्री मंडल में फेरबदल की चर्चा चल रही है, क्या आप फिर से मंत्री पद की दौड़ में हैं, उन्होंने कहा कि प्रदेश में उत्कल समाज के लोगों की संख्या 35 लाख है. यही सत्य है बाकी सब नग्णय है। उत्कल गाड़ा समाज की एक लॉबी आपके खिलाफ काम कर रही है इस पर क्या कहेंगे, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि वो हमारे भाई हैं। मतभेद तो पति-पत्नि के बीच भी होते हैं। एक दूसरे के विरोध करने से ही हम आगे बढ़ते हैं।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि नुआखाई भेंटघाट के पावन अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ आगमन हुआ। राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में राजधानी रायपुर में नुआखाई भेटघाट, सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम हमारे लिए गौरव और प्रेरणा का अविस्मरणीय अवसर रहा। इस आयोजन का उद्देश्य केवल सास्कृतिक उत्सव मनाना नहीं, बल्कि संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा और युवा सशक्तिकरण को एक साझा मंच पर लाना था। नुआखाई हमारी कृषि परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अन्नदाता किसान के सम्मान और पारिवारिक एकता का प्रतीक है। अपनी सास्कृतिक जड़ों से जुड़े रहकर आधुनिक विकास की ओर आगे बढ़ना ही इस आयोजन की मूल भावना है। वर्ष 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होंगे। विकसित भारत का हमारा संकल्प केवल आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि एक ऐसे भारत का निर्माण करना है जिसमें रोजगार सृजन, नई तकनीक का उपयोग एवं नवाचार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *