निगम कमिश्नर ने ली टी.एल. बैठक- सफाई से पहले और उसके बाद की देखी तस्वीरें… पीएम हेल्प लाइन तक पहुंची शिकायतों का निराकरण जल्द करने निर्देश…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने आज निगम मुख्यालय के सभा कक्ष में साप्ताहिक टी एल (समय सीमा) बैठक ली। उन्होंने सफाई संबंधित प्राप्त जन शिकायतों के निराकरण की स्थिति का ब्यौरा लिया। सफाई के पूर्व और सफाई के पश्चात् की प्रमाण तस्वीरें देखीं। निगम कमिश्नर ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, कलेक्टर जनदर्शन तथा जनप्रतिनिधियों तक पहुंची जनशिकायतों का निराकरण अविलंब करने का निर्देश दिया।

निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने जोन कमिश्नरों को राजधानी रायपुर शहर की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने कहा। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली किये जाने को प्राथमिकता देने सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया। 31 दिसम्बर तक वर्तमान वर्ष के सम्पति कर का पूर्ण भुगतान किये जाने पर संबंधित करदाताओं को नियमानुसार सम्पत्ति कर में 4 प्रतिशत की छूट देकर उन्हें लाभान्वित करने का निर्देश दिया।  बड़े बकायादारों से बकाया राजस्व वसूली नियमानुसार सख्तीपूर्वक करने कहाा। अवैध नल कनेक्शनों को करारोपण में सम्मिलित कर नियमानुसार निर्धारित अर्थदंड लेकर उन्हें नियमित करने कहा।

निगम कमिश्नर ने टीएल बैठक में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाने वाली ई चालान की कार्यवाही का ब्यौरा लिया। अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियों के प्रकरणों में नियमानुसार प्रक्रिया अंतर्गत कार्यवाही करने जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवासों के निर्माण की प्रगति और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना अंतर्गत कार्य की प्रगति के बारे में पूछा।

बैठक में अपर कमिश्नरगण लोकेश्वर साहू, पंकज शर्मा, विनोद पाण्डेय व रवि राही, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, सभी डिप्टी कमिश्नर, सभी जोन कमिश्नर, सभी विभागों के प्रभारी अधिकारी, कार्यपालन अभियंतागण , सहायक अभियंतागण समेत आईटी एक्सपर्ट रंजीत रंजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *