मिसाल न्यूज़
रायपुर। श्रीमती स्मृति ईरानी के भाजपा छत्तीसगढ़ प्रभारी तथा सिद्धार्थ शम्भू के सह प्रभारी बनने के बाद दोनों का पहला छत्तीसगढ़ आगमन 25 अक्टूबर को हो रहा है। दोनों दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। श्रीमती ईरानी व शम्भू भाजपा के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों, पूर्व व वर्तमान सांसदों-विधायकों सहित निगम, आयोग व मण्डलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों से संवाद स्थापित करेंगे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी व सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू राजधानी रायपुर पहुँचने के बाद 25 अक्टूबर को 11 से 11:30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। पूर्वाह्न 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) एवं प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी। दोपहर 12:30 से 01:30 बजे तक पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा एवं रणनीतिक बैठक होगी। दोपहर 01:30 से 02:30 बजे तक सभी सम्भाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी तथा जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक सम्पन्न होगी। दोपहर 03:30 से सायं 05:00 बजे तक पूर्व जनप्रतिनिधियों (पूर्व विधायकों एवं पूर्व सांसदों) के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी। सायं 05:30 से 07:00 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। सायं 07:00 से रात्रि 08:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी।
श्रीमती ईरानी व शम्भू अगले दिन 26 अक्टूबर को प्रातः 10:00 से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक राज्य के सभी भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा एवं बैठक करेंगे। पूर्वाह्न 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश के पार्टी सांसदों के साथ बैठक का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12:30 से 02:00 बजे तक राज्य मंत्रिमण्डल के मंत्रियों के साथ विशेष बैठक सम्पन्न होगी। दोपहर 03:00 से सायं 04:30 बजे तक विभिन्न निगम, मण्डल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित होगी। सायं 04:30 से 05:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ संवाद व बैठक होगी।

