कांग्रेस देश की सभी संवैधानिक व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर अराजकता फैला रही- डॉ. सुधांशु त्रिवेदी

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वैधानिक प्रक्रिया पर भ्रामक प्रचार करने में कोई कसर बाकी नहीं रख रही है। वह भारत की सभी संवैधानिक व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर अराजकता फैला रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज प्रेस  वार्ता में डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया में मतदाता सूची सबसे पहले जिला अध्यक्ष को दी जाती है। अगर कांग्रेस पार्टी कहती है कि वहाँ भी उन्होंने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई, तो क्या वह अपने ही जिला अध्यक्षों को नाकारा बता रही है? उसके बाद सूची राज्य चुनाव आयोग के पास जाती है, वहाँ भी आपत्ति दर्ज करने का प्रावधान है। यदि वहाँ भी आपत्ति नहीं की, तो क्या कांग्रेस अपनी प्रदेश इकाई को भी नाकारा बता रही है? इसके बाद यह सूची केंद्रीय चुनाव आयोग के पास जाती है, वहाँ भी आपत्ति दर्ज की जा सकती है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो सवाल उठा रही है, वह सवाल दरअसल उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), जिला अध्यक्ष और प्रदेश इकाई से पूछा जाना चाहिए।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि 10-12 दिन की अज्ञात विदेश यात्रा पर जाकर सैर-सपाटा और तफरीह करके आने के बाद जब तय करेंगे कि कौन-सी तारीख को वो ‘जलवा अफरोज’ होंगे, तो उस दिन आंदोलन किया जाएगा; भले ही उससे भारत की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव क्यों न पड़े! दिल्ली के जिस क्षेत्र में वे आंदोलन करने जा रहे हैं, वह पूरे उत्तर भारत में व्यापार और वाणिज्य का प्रमुख केंद्र है। और यह जो त्योहार का सीजन होता है- नवरात्रि से लेकर दीपावली और छठ पूजा तक गत वर्ष इसमें लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन के सहयोगी कहते हैं भाजपा केवल ‘गोमूत्र वाले राज्यों’ में जीतती है, प्रियंका वाड्रा संसद में गोमूत्र का मजाक उड़ाती हैं, तो कांग्रेस बताए कि भूपेश बघेल ने 2020 में गोबर-गोमूत्र को ऑर्गेनिक खाद के रूप में उपयोग करने की योजना क्यों बनाई थी? आप रायपुर में सही बोल रहे थे या दिल्ली में सही बोल रहे हैं? हकीकत यह है कि आप दोनों जगह झूठ बोलते हैं।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि जब कांग्रेस और उसके सहयोगी सत्ता में आते हैं तो धूम-धाम से लड़ाइयाँ होती हैं। यहाँ छत्तीसगढ़ में क्या लड़ाई होती थी भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव के बीच? राजस्थान में अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बीच और कर्नाटक में सिद्धारमैया और डी.के. शिवकुमार के बीच? डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि पंजाब से लेकर गुवाहाटी तक जो भी घटनाक्रम हुआ है, वह यह दिखाता है कि कांग्रेस के पास विपक्ष में भी अराजक मॉडल है और सत्ता में भी अराजक मॉडल ही है। इसलिए वह कोई भी सकारात्मक बात बताने में सक्षम नहीं है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि इसलिए भाजपा आज देश की जनता को और विशेष रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता को ध्यान दिलाना चाहती है कि विकास का मॉडल क्या होता है, यह हमने छत्तीसगढ़ में दिखाया है। जनता जनार्दन ने देखा है कि पहले विश्वास का वर्ष, फिर निर्माण का वर्ष और अब यह वर्ष- यानी हम हर बार एक मॉडल दिखा रहे हैं। हमारा यह लक्ष्य है, हम यह करके दिखा रहे हैं। और कांग्रेस पार्टी क्या करके दिखा रही है? वह किन विदेशी शक्तियों से संचालित है, यह अपने आपमें संदेह उत्पन्न करता है कि वह अज्ञात यात्राओं पर जाते हैं, संदिग्ध व्यक्तियों से मिलते हैं और फिर आने के बाद भारत विरोधी दुष्प्रचार देश के बाहर भी करते हैं और देश में आकर भी अपशब्दों का प्रयोग करते हैं।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस का असली उद्देश्य स्पष्ट कर दिया है। सत्ता में आने पर लूट, समाज में फूट और भारत की धर्म-संस्कृति से घृणा – यही कांग्रेस के लोगों के हृदय में भरा हुआ है। पिछले 10-12 वर्षों में भारत की ऐसी कौन-सी व्यवस्था है, जिस पर कांग्रेस ने भ्रम पैदा करने का प्रयास न किया हो? कांग्रेस ने राफेल को लेकर भारत सरकार के बारे में दुष्प्रचार किया, जो पूरी तरह गलत साबित हुआ। भारतीय सेना पर भ्रम पैदा करने का प्रयास किया, सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया, वायुसेना पर बालाकोट को लेकर सवाल उठाया और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की तीनों सेनाओं पर सवाल उठाया। भारत की अर्थव्यवस्था के बारे में भी इन्होंने भ्रम फैलाने की कोशिश की। याद कीजिए, कांग्रेस नेतृत्व ने कहा था कि एलआईसी बर्बाद हो गई, जबकि आज एलआईसी ऑल टाइम हाई प्रॉफिट में है। कांग्रेस ने कहा था कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बर्बाद हो गया, जबकि आज एसबीआई 2017-18 के बाद प्राइवेट और सरकारी बैंकों में मिलाकर ऑल टाइम हाई प्रॉफिट में है। कांग्रेस ने कहा था कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को सरकार ने बर्बाद कर दिया, जबकि आज एचएएल के पास एक लाख करोड़ रुपये के ऑर्डर हैं, जो उसका ऑल टाइम हाई है। कोरोना काल में कांग्रेस ने वैक्सीन के बारे में भी भ्रम फैलाया। अप्रैल 2021 में कहा कि बच्चों की वैक्सीन विदेश भेज दी गई, जबकि अप्रैल 2021 में जब दूसरी लहर आई थी, उस समय तक भारत ही नहीं, दुनिया में कहीं भी बच्चों की कोई वैक्सीन बनी ही नहीं थी। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया के बारे में भ्रम फैलाया, मीडिया के बारे में भ्रम फैलाया, न्यायालय के बारे में भ्रम फैलाया।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय तथा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *