मिसाल न्यूज़
रायपुर। शहर के नामचीन चिकित्सा विशेषज्ञ, फिल्म निर्माता, निर्देशक, सिने एवं रंगमंच कलाकार डॉ. अजय सहाय द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘मधुमेह की मुगल ए आज़म’ को खूब सराहना मिली। इसका मंचन डायबिटीज सोसायटी द्वारा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय वार्षिक कॉन्फ्रेंस में किया गया, जिसमें देश भर से लगभग पांच सौ चिकित्सकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।

इस नाटिका में बेहद खूबसूरत ढंग से मधुमेह के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया है, साथ ही चिकित्सकों के फर्ज और समाज के प्रति जिम्मेदारी को भी बखूबी दिखाया गया। डॉ अजय सहाय द्वारा लिखित, निर्मित एवं निर्देशित इस इंफोटेनमेंट प्रोग्राम में डॉ राका शिवहरे, प्रो डॉ स्मित श्रीवास्तव, डॉ नवीन गुप्ता, डॉ अजय सहाय, डॉ अंकित सहाय, पुष्पेंद्र सिंह, मोहम्मद सलीम खान, तारा साहू, संगीता निषाद,लीना ठाकुर, डॉ इज्या श्रीवास्तव एवं संतोष वर्मा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई। शाही दरबार का सेट आर्ट डायरेक्टर करीमुल्ला खान द्वारा तैयार किया गया था । रूप सज्जा विलास राउत द्वारा की गई ।

विदित हो कि इससे पहले डॉ अजय सहाय ने ‘मधुमेह की रामलीला’ नामक संगीत नाटिका का निर्माण किया था, जिसमें रामायण की तर्ज़ पर दोहे और चौपाइयों के माध्यम से मधुमेह के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई थी। इस संगीत नाटिका के देश भर में एक दर्जन से ज्यादा शो हो चुके हैं और इसे भरपूर सराहना मिली है। दूरदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा नव वर्ष की पूर्व संध्या पर इसका विशेष रूप से प्रसारण किया गया था। इसकी अगली प्रस्तुति बंगलौर में आयोजित डायबिटीज की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में प्रस्तावित है।

दोनों नाट्य प्रस्तुतियों के कॉन्सेप्ट क्रिएटर प्रसिद्ध डायबिटोलॉजिस्ट डॉ राका शिवहरे हैं।

