जब भाजपा पार्षदों की अपने ही राज में सुनवाई न हो तो जनता के पास कोई विकल्प नहीं रह जाता- दीप्ति प्रमोद दुबे

रायपुर। कांग्रेस नेत्री श्रीमती दिप्ती प्रमोद दुबे ने कहा कि स्ट्रीट लाइट, सफाई व पानी से जुड़ी समस्याओं को लेकर नगर निगम के जोन 8 दफ्तर में 7 पार्षदों ने ताला जड़ दिया। ये सभी 7 पार्षद जोन 8 क्षेत्र में आने वाले वार्डों के हैं, जिनमें से छह भाजपा व एक कांग्रेस के हैं। प्रदेश व नगर निगम दोनों ही जगह भाजपा की सरकार है। जब भाजपा पार्षदों की अपने ही राज में कोई सुनवाई नहीं हो रही है तो फिर आम जनता के पास कोई विकल्प नहीं रह जाता।

श्रीमती दीप्ति दुबे ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि जोन 8 दफ्तर में विपक्ष का आंदोलन नहीं, बल्कि सत्ताधारी पक्ष के लोगों का प्रदर्शन था। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक हंगामा चला। कार्यालय बंद रहा, काम ठप्प रहा। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे जरूरी काम के लिए आए लोग खाली हाथ लौट गए। जोन कमिश्नर अंदर बंद रहीं। यह दृश्य सिर्फ एक जोन की समस्या नहीं है। यह उस प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलता है, जिसमें बुनियादी सुविधाओं को लेकर सत्ताधारी दल के पार्षदों को हड़ताल पर उतरने के लिए मजबूर हो जाना पड़ता है। स्ट्रीट लाइटों के लिए पार्षदों व्दारा पांच महीने पहले पत्र लिखे गए थे, लेकिन सड़कें अभी भी अंधेरे में डूबी हैं। पानी गंदा आ रहा है। सफाई की हालत जर्जर है। जब पार्षद खुद कह रहे हैं कि जब तक जोन से काम नहीं होगा, हम प्रदर्शन करेंगे- इससे साफ हो जाता है कि व्यवस्था चरमरा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *