मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम के जोन 2 क्षेत्र अंतर्गत पंडरी महालक्ष्मी मार्केट के पीछे देवेन्द्र नगर तथा गंज मंडी के समीप में वेंडिंग जोन बनेगा। वहीं जोन 7 अंतर्गत तेलघानीनाका अंडरब्रिज, कबीर चौक सर्विस रोड तथा आमानाका अंडरब्रिज में वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया गया। इस तरह दोनों जोन क्षेत्र में 300 से अधिक वेंडरों के व्यवस्थापन का रास्ता खुल गया है।
जोन 2 वेंडिग समिति के अध्यक्ष पी. डी. धृतलहरे की अध्यक्षता में जोन 2 कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में जोन वेंडिंग समिति के सदस्य तथा नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ समेत राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार सिंह बागल, वित्त विभाग अध्यक्ष महेन्द्र खोड़ियार, पार्षद श्रीमती कृतिका जैन, सीएसपी सिटी यातायात सुश्री स्नेहिल साहू सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। जोन 2 जोन वेंडिंग समिति ने पंडरी महालक्ष्मी मार्केट के पीछे देवेन्द्र नगर पुलिस थाना के समीप और गंज मैदान के पास गुजराती स्कूल के समीप वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया। बैठक में रेल्वे स्टेशन गेट नम्बर 1 एवं 2 के सामने पाथ वे को सड़क के लेवल तक करवाकर वहाँ ऑटो स्टापेज हेतु स्थल चिन्हित करने का प्रस्ताव दिया गया।

जोन 7 कमिश्नर एवं जोन वेंडिंग समिति की अध्यक्ष डॉ तृप्ति पाणीग्राही की अध्यक्षता में जोन समिति की बैठक हुई। बैठक में समिति के सदस्य एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल, भोलाराम साहू, पार्षद श्रीमती मीना ठाकुर, आनंद अग्रवाल, कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, सहायक अभियंता कमलेश मिथलेश समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। समिति ने जोन क्षेत्र अंतर्गत तीन स्थानों तेलघानीनाका अंडरब्रिज, कबीर नगर सर्विस रोड, आमानाका अंडरब्रिज पर वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया। एक स्थान पर पिंक वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया। जोन 7 में 100 से 120 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थापित करने का निर्णय समिति ने लिया।

