रायपुर की गंदगी पर कांग्रेस पार्षद दल का हल्ला बोल… अधिकारियों की डमी की आंखों पर काली पट्टी चढ़ाई और फूल माला से लादा…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। सफाई के मामले में नगर निगम प्रशासन के बुरी तरह फेल होने के आरोप लगाते हुए नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आज कांग्रेस पार्षदों के साथ गंदगी के ढेर पर खड़े होकर अनोखा प्रदर्शन किया। जो अधिकारी दिल्ली से  स्वच्छता का पुरस्कार लेकर आए तिवारी ने उनका डमी खड़ा किया। उनकी आंखों पर काली पट्टी बांधकर फूल माला से उनका स्वागत किया।

आकाश तिवारी ने  कहा कि स्वच्छता में नंबर-1 का पुरस्कार लेने रायपुर नगर निगम के लोग दिल्ली गए और जाने से पहले शहर में गंदगी का ढेर छोड़ गए। तिवारी ने कहा कि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में उपलब्धि मिलने पर शहर के लिए गौरव की बात कही जा रही है। महापौर का कहना है कि यह रैंकिंग स्वच्छता कर्मियों के प्रयासों का सम्मान है। दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार लेने के लिए स्वयं नगरीय प्रशासन मंत्री, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और महापौर गईं। सवाल यह कि क्या पुरस्कार लेते वक्त इन्हें रायपुर की जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं था?

तिवारी ने आरोप लगया कि लोगों के घरों से कचरा नियमित रूप से नहीं उठ रहा है। मोहल्लों से निकलने वाले कचरे को समय पर नहीं उठाया जा रहा है। नुक्कड़ों से कचरा उठाने के लिए तरह-तरह के बहाने बताए जा रहे हैं। सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हैं, सफाई हो नहीं पा रही है। अधिकारी और महापौर अपने-अपने कार्यों में मस्त हैं, आम जनता त्रस्त है।

तिवारी ने कहा कि महाराजबंध तालाब के पास जहां स्वयं उपमुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन जाते हैं, वहीं पर गंदगी का आलम है। क्या यही हमारे राजधानी रायपुर की वास्तविक स्थिति है? सवाल यह कि क्या रायपुर नगर में रामकी कंपनी घर-घर से कचरा उठाने का कार्य नियमित रूप से कर रही है? क्या स्वीपिंग मशीन अपने काम को ईमानदारी से कर रही है? अगर मशीन ईमानदारी से काम करे तो सड़कों से धूल साफ होनी चाहिए, किंतु धरातल में यह काम नहीं हो रहा है, केवल कागजों में स्वीपिंग मशीन चल रही है। जिम्मेदार अधिकारी अपनी नाकामियों को क्यों छुपा रहे हैं?

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पार्षदगण संदीप साहू, श्रीमती अर्जुमन ढेबर, श्रीमती जयश्री नायक, श्रीमती दीपा साहू एवं श्रीमती रेनू  साहू शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *