व्हाइट हाउस में भी सफाई की धधक… पार्षदों ने प्रजेंटेशन देखने से किया इंकार… 15 मिनट में ही खेल खत्म…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। सफाई का ज्वलंत मुद्दा आज नगर निगम मुख्यालय व्हाइट हाउस  के भीतर भी धधकते दिखा। तयशुदा कार्यक्रम के बाद भी नई सफाई व्यवस्था पर प्रजेन्टेशन नहीं हो पाया। सत्तारुढ़ भाजपा पार्षदगण अड़ गए कि नई सफाई व्यवस्था लाने से पहले पुरानी रामकी कंपनी के साथ क्या एग्रीमेंट हुआ है उसे यहां पर दिखाएं। साथ ही यह सवाल खड़ा किया कि सफाई की नई व्यवस्था जो लागू करने जा रहे उसमें हमारी ओर से सूझाव रखने पर क्या उसमें संशोधन संभव है? अधिकारियों के पास इन दोनों ही बातों का जवाब नहीं था।  भाजपा एवं कांग्रेस दोनों ही दलों के पार्षदों ने यह कहते हुए बातचीत बीच में ही छोड़ दी कि  हमारी बातों का जब यहां कोई जवाब ही नहीं फिर ऐसी चर्चा का क्या औचित्य! चर्चा का यह पूरा एपिसोड लगभग 15 मिनट में ही खत्म हो गया।

नगर निगम के सामान्य सभा कक्ष में आज 3 बड़े विषयों सफाई, जल व राजस्व पर प्रजेंटेशन था। इस दौरान महापौर श्रीमती मीनल चौबे समेत सभापति सूर्यकांत राठौड़, निगम कमिश्नर संबित मिश्रा सारे भाजपा व कांग्रेस पार्षदगण तथा अन्य बड़े अधिकारीगण मौजूद थे। निगम प्रशासन जो नई सफाई व्यवस्था लाने जा रहा है उसमें कलस्टर अनुसार टेंडर किया जाने की व्यवस्था है। बीट बनाकर सफाई की कार्य आधारित मानिटरिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी है। नई सफाई व्यवस्था पर अपर कमिश्नर विनोद पांडे ने प्रजेंटेशन देना शुरु किया ही था कि पार्षद एवं जोन 4 अध्यक्ष मूरली शर्मा ने कहा कि पुरानी रामकी कंपनी जिस पर सफाई का जिम्मा है उसके साथ नगर निगम का क्या एग्रीमेंट है पहले उसे यहां प्रजेन्ट करें। अपर कमिश्नर पांडे ने कहा कि अलग से उसका भी प्रजेंटेशन रख देंगे, अभी इसे देख लें। मुरली शर्मा के अलावा अन्य पार्षदगण राजेश गुप्ता, महेन्द्र खोड़ियार, सचिन मेघानी, भोलाराम साहू एवं अंबर अग्रवाल ने भी रामकी कंपनी को लेकर जमकर आवाज़ उठाई और पूछा कि क्या नई सफाई व्यवस्था जो लागू करने जा रहे हैं उसमें हमारे सूझावों को स्थान दिया जाएगा? महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने भी कहा कि पार्षद अगर किसी तरह का संशोधन करवाना चाहें तो क्या वह संभव हो पाएगा हां या न में जवाब दें। अपर कमिश्नर ने कहा कि नई सफाई व्यवस्था की न सिर्फ संपूर्ण रूपरेखा तैयार कर ली गई है बल्कि प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। यह सुनते ही सारे पार्षदगण जमकर नाराजगी जताते हुए अपनी जगह से उठ खड़े हुए और यह कहते हुए सामान्य सभा कक्ष से बाहर निकल गए कि जब हमारी आपत्तियों व सूझावों के लिए जगह ही बची नहीं रह गई है तो भला ऐसे प्रजेंटेशन का क्या मतलब।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *