0 ब्लड कैंसर से जूझ रही तीन वर्षीय काव्या के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लगाई 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी
मिसाल न्यूज़
रायपुर। गंभीर बीमारी से जूझ रही महज तीन वर्ष की मासूम काव्या पटेल के जीवन की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री ने एम्स रायपुर के चिकित्सकों को नन्हीं काव्या का बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बच्ची के स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार की कामना करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह द्वारा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से काव्या के पिता को कुल एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
रायगढ़ जिले की निवासी तीन वर्षीय काव्या पटेल एक्यूट माइलॉइड ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उसे 15 नवंबर को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। वर्तमान में काव्या की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार उसका उपचार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने की
चिकित्सकों से चर्चा
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी नन्हीं काव्या के उपचार को लेकर विशेष संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने 18 नवंबर को एम्स रायपुर के चिकित्सकों से चर्चा कर बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से काव्या को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उसके स्वास्थ्य की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
24 घंटे विशेष निगरानी
काव्या के उपचार और देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि बच्ची की देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलग से पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। एम्स के चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर बच्ची को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

