मुख्यमंत्री ने किया राज्योत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण

मिसाल न्यूज़

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति में रायपुर साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ अत्यंत प्रासंगिक है। यह भारत की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य के संकल्प को अभिव्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि साहित्य किसी भी समाज की संवेदनशीलता, विचारशीलता और रचनात्मक चेतना को समृद्ध करता है। ऐसे आयोजनों में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिल सके।

इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने गत वर्ष आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव के अनुभव साझा किए तथा आगामी आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेश भर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, कवयित्रियां, लेखक, लेखिकाएं एवं साहित्य और सृजन जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *