कांग्रेस नेताओं ने कहा- महादेव एप्प से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में छत्तीसगढ़ पुलिस सबसे आगे, उत्तरप्रदेश पुलिस दे रही अपराधियों को संरक्षण

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि महादेव एप्प बनाकर पूरे देश में सट्टा का नेटवर्क चलाया जा रहा था। छत्तीसगढ़ एकमात्र ऐसा प्रदेश है जहां की पुलिस महादेव एप्प के काम में संलग्न लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने उत्तरप्रदेश जाकर महादेव एप्प में संलग्न लोगों को पकड़ा। उत्तरप्रदेश पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस का साथ देने के बजाय उल्टे उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।

राजीव भवन में आज पत्र वार्ता में सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ में महादेव एप्प  के काम में संलग्न 98 लोगों के खिलाफ यहां की पुलिस  कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस अन्वेषण में पता चला कि महादेव एप्प संचालन का केंद्र बिन्दु उत्तर प्रदेश का नोएडा शहर है जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी आता है। जब छत्तीसगढ़ पुलिस ने नोएडा में 9 सटोरियों को गिरफ्तार किया तब उत्तर प्रदेश पुलिस सहयोग करने के बजाय अपराधियों के बचाव में उतर आयी। यूपी पुलिस ने कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों पर धारा 365 के तहत अपहरण का अपराध दर्ज कर लिया। यही नहीं जब नोएडा पुलिस को यह जानकारी मिली कि छत्तीसगढ़ पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने आ रही तब उसने एक दिन पहले 9 आरोपियों को जुआ एक्ट में गिरफ्तार कर लिया ताकि छत्तीसगढ़ पुलिस उन्हें पकड़ न पाये और बाद में उनको मुचलके पर छोड़ भी दिया। कुछ दिनों पहले भाजपा शासनकाल में 3 बार के मंत्री रहे राजेश मूणत ईडी दफ्तर शिकायत करने गये थे कि महादेव एप्प की ईडी जांच करे। सवाल है कि अब जबकि यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश से महादेव एप्प का संचालन हो रहा है तो क्या मूणत अब भी ईडी दफ्तर जायेंगे? क्या मूणत भाजपा नेताओं की इसमें संलिप्तता की जांच की मांग करेंगे? कांग्रेस मांग करती है कि महादेव एप्प में भाजपा नेताओं की संलिप्तता की जांच की जाये।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आर.पी सिंह ने कहा कि महादेव एप्प एक संगठित गिरोह है। जो कि इस देश के बाहर विदेश से संचालित होता है। केन्द्र सरकार अगर चाहे तो विदेश में बैठे हुये अपराधियों के उपर कार्रवाई कर सकती है। लेकिन इस मामले में केन्द्र सरकार और भाजपा की रहस्यमयी चुप्पी अनेक संदेह को जन्म देती है। जिन अपराधियों की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश से की गयी, उनके खिलाफ यहां दस्तावेजी कार्यवाही करके प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। हमारी पुलिस के पास महादेव एप्प, रेडी एप्प, अंबानी एप्प इन तीनों की पहली शिकायत 27.09.2022 को मिली थी। हमारी पुलिस ने 27 सितंबर 2022 से लेकर 7 फरवरी 2023 तक 17 बार रेड मारी और कार्रवाई की है। इन छापों में 98 लोग गिरफ्तार किये गये हैं। 51 लैपटाप और 199 मोबाईल हमारी पुलिस ने जब्त किया है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, मीडिया समन्वयक प्रकाश मणी वैष्णव एवं विकास बजाज उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *