मुख्यमंत्री राजभाषा आयोग एवं फ़िल्म विकास निगम में अध्यक्ष की नियुक्ति भी नहीं कर पाए- ओ.पी. चौधरी

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ‘छत्तीसगढ़ियावाद’ के नाम पर अपने भ्रष्टाचार को ढँकने की कुचेष्टा कर रहे हैं। दरअसल ‘छत्तीसगढ़ बर्बाद’ कर उसे ‘छत्तीसगढ़ियावाद’ का चोंगा पहनाने का प्रयास मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस ने किया है। उन्हें पता ही नहीं है कि छत्तीसगढ़ियावाद किसे कहते हैं? भाजपा की पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ी बोली को राजभाषा का दर्जा दिया। कांग्रेस को तो 50 साल मिले थे, क्यों नहीं किया? भाजपा की पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार ने राजभाषा आयोग का गठन किया। मुख्यमंत्री तो राजभाषा आयोग एवं  छत्तीसगढ़ फ़िल्म विकास निगम में अध्यक्ष की नियुक्ति तक नहीं कर पाए!

एकात्म परिसर में आज मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ी बोली में 700 से अधिक किताबों का प्रकाशन भाजपा सरकार ने कराया। मुख्यमंत्री बताएँ कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कितनी किताबों का प्रकाशन कराया? भाजपा की पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार ने परम पूज्य गुरु घासीदास जी की स्मृति में गिरौदपुरी में विश्व का सबसे ऊँचा जैतखाम बनाया और छत्तीसगढ़ी अस्मिता का मान ऊँचा किया। चौधरी ने कहा कि भारत का इतिहास उठाकर दे लीजिए। एक वर्ष में एक साथ पद्मश्री के तीन पुरस्कार छत्तीसगढ़ के आज तक कभी नहीं मिला। एक साथ एक वर्ष में तीन पद्मश्री पुरस्कार छत्तीसगढ़ की लोककला-संस्कृति को जानने-मानने वावे अजय मंडावी, ऊषा बारले आदि को देने का काम यदि किसी ने किया है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किया है। कांग्रेस के 50 साल के शासनकाल में कभी ऐसा नहीं हुआ। छत्तीसगढ़ के लोगों को भ्रमित करने के लिए मुख्यमंत्री कभी भँवरा पकड़ लेते हैं, कभी गिल्ली-डंडा पकड़ लेते हैं, कभी गेड़ी पकड़ लेते हैं। जबकि छत्तीसगढ़ के मान-सम्मान, पहचान को पूरी दुनिया को दिखाना है, इसलिए शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी भाजपा की पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार ने ही बनाया है, जहां पूरे विश्व की क्रिकेट टीमें खेलने आती हैं और छत्तीसगढ़ के गौरवपूर्ण इतिहास की झलक पाती हैं। जहाँ तक बात भँवरा, गिल्ली-डंडा, गेड़ी की है तो मुख्यमंत्री को हमारी चुनौती है कि गेड़ी दौड़ में हमसे मुकाबला कर लें और देख लें कि कौन आगे आता है?

चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ियावाद के नाम पर ढोंग करते हैं। 50 सालों तक कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य नहीं बनने दिया। छत्तीसगढ़ से सारी संपदा बाहर जाती थी। बैलाडीला से लगातार लौह अयस्क जाता रहा, कोरबा में बिजली का उत्पादन होता रहा लेकिन छत्तीसगढ़ अंधेरे में रहा। भिलाई स्टील प्लांट से लोहा बनकर जाता रहा, लेकिन छत्तीसगढ़ का कभी विकास नहीं किया गया। अमीर धरती के लोगों को गरीब बनाकर रखने का कुचक्र कांग्रेस ने रचा। छत्तीसगढ़ के दु:ख-दर्द को समझना, राज्य बनाना और उसे सँवारना ही असली छत्तीसगढ़ियावाद है जो भाजपा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *