अमित शाह ने आरोप पत्र जारी कर कहा- “छत्तीसगढ़ में जब भाजपा की सरकार आएगी भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाएगी”

मिसाल न्यूज़

रायपुर। राजधानी रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में आज केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया। आरोप पत्र जारी करने के बाद शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार का सच अभी पूरी तरह सामने नहीं आया है। छत्तीसगढ़ में जब भाजपा की सरकार आएगी भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाएगी। तब भ्रष्टाचार का पूरा आँकड़ा और सच सामने आएगा। शाह ने कहा कि इस बार का विधानसभा चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह चुनाव छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य की आधारशिला रखने वाला चुनाव है।

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि अभी-अभी मिशन आदित्य लॉच हुआ है। हृदय से बधाई। छत्तीसगढ़ की सरकार घपले एवं घोटाले की सरकार है। छत्तीसगढ़ को विकास के रास्ते पर ले जाने आज यह आरोप पत्र जारी किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य को लेकर अटल जी ने जो सपना देखा जब तक 15 साल भाजपा की सरकार रही पूरा करने में लगी रही। मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ को अलग ही इसलिए किया गया था कि उस पर कम ध्यान दिया जा रहा था। छत्तीसगढ़ समेत उत्तराखंड एवं झारखंड अलग राज्य बनाकर उन्हें विकास के रास्ते पर ले जाने का काम अटल जी ने किया। छत्तीसगढ़ का ज़्यादा से ज़्यादा विकास हो सके इसके लिए मोदी जी सतत् प्रयासरत रहे। 2018 में छत्तीसगढ़ में जिन लोगों की सरकार बनी उन्होंने मोदी जी का साथ देने के बजाय झूठ और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। 2019 के लोकसभा चुनाव में तो हम छत्तीसगढ़ की 11 में से 9 सीटों पर जीते थे। 2023 में यहां का चुनाव जीत लेने के बाद आगे हम लोकसभा की 11 में से 11 सीटें जीतेंगे। छत्तीसगढ़ की सरकार चलाने वालों ने दिल्ली दरबार के लिए एटीएम की तरह काम किया। आप खुद तय करें कि हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार करने वाली भूपेश बघेल की सरकार रही है या भाजपा की सरकार। छत्तीसगढ़ में धर्म परिवर्तन की बयार आई हुई है। आदिवासियों के हितों को किनारे लगा दिया गया है। युवाओं के कौशल विकास के नाम पर छत्तीसगढ़ की सरकार ने यह किया कि दुबई में उन्हें ऑन लाइन सट्टे की ट्रेनिंग दिलवाई। निजी स्वार्थों के लिए यह सरकार बच्चों तक को गुमराह कर रही है। अब डबल इंजन वाली सरकार ही छत्तीसगढ़ में विकास की बयार लाएगी। भ्रष्टाचार व अत्याचार से छत्तीसगढ़ को भाजपा ही मुक्त करा सकती है। यहां की सरकार ने अत्याचार की सीरिज चला रखी है। जब डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री थे उन्हें रमन सिंह नहीं चांवल वााले बाबा कहा जाता था। कोरोनाकाल में मोदी जी ने छत्तीसगढ़ के ज़रूरतमंद लोगों के लिए 5 किलो अतिरिक्त चावल भेजा था। यहां की सरकार ने जरूरतमंदों को 15 किलो के बजाय 10 किलो ही चावल दिया। भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ को एजूकेशन हब, पॉवर हब, सीमेन्ट हब बनाया था। सरगुजा एवं बस्तर में विश्वविद्यालय खोले थे। छत्तीसगढ़ में दो मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे भाजपा के शासनकाल में इनकी संख्या बढ़कर 10 पर पहुंची। मेडिकल सीट को 100 से बढ़ाक 1100 किया गया। 2004 से 2014 तक केन्द्र में मनमोहन सिंह की सरकार रही। उस अवधि में छत्तीसगढ़ को केन्द्र सरकार से 77 हजार 800 करोड़ मिले थे। 2014 से 2023 तक मोदी जी के 9 साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को 3 लाख 2 हजार 429 करोड़ रुपये मिल चुका है।  यानी हमारी केन्द्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को जो दिया मनमोहन सिंह की सरकार उसका एक तिहाई भी नहीं दे पाई थी। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आलम यह है कि यहां की सरकार ने लोगों तक शुद्ध पानी पहुंचाने की योजना में भी अड़ंगाा लगा रखा है।

शाह ने कहा कि किसी भी वादे पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने काम नहीं किया। चरण पादुका वितरण बंद करने और 20 लाख प्रधानमंत्री आवास रोकने जैसा काम इस सरकार ने किया। छत्तीसगढ़ में हुआ शराब घोटाला 2160 करोड़ का नहीं, बल्कि हजारों करोड़ का है। यह 2160 करोड़ रुपए तो इस घोटाले की टिप है। पूर्ण शराब बंदी के नाम पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने क्या किया? डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व वाली भाजपा सरकार तो राज्य में चरणबद्ध शराबबंदी कर रही थी पर भूपेश सरकार ने तो पूरी उल्टी गंगा ही बहा दी। घर-घर शराब पहुंचा दी।

उपस्थित लोगों को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुण साव तथा आरोप पत्र समिति के संयोजक अजय चंद्राकर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की नाकामियों, वादाखिलाफी, अन्याय-अत्याचार, धर्मांतरण, छलावे पर केंद्रित एक वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस मौके पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री सुश्री लता उसेंडी, भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री राजेश मूणत मंचस्थ थे।कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री ओ.पी. चौधरी एवं आभार प्रदर्शन आरोप पत्र समिति के सह संयोजक प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *