सभाओं में अमित शाह का आह्वान- “डबल इंजन वाली जन हितैषी सरकार  बनाएं”

मिसाल न्यूज़

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ में कई जनसभाओं एवं रथ सभाओं को संबोधित किया। सबसे पहले उन्होंने जशपुर विधानसभा के बागीचा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद जशपुर विधान सभा के ही महादेव दाद और पाथल गाँव के कन्साबेल में रथ सभाओं को संबोधित किया। कुनकुरी विधानसभा के कन्डोरा मैदान और चंद्रपुर विधानसभा के डभरा में आयोजित विशाल चुनावी रैलियों को भी संबोधित किया। रायगढ़ विधानसभा में कबीर चौक से कोतरा रोड थाना एक भव्य रोड शो भी किया। शाह ने जनसभाओं एवं रथ सभाओं में कहा कि कांग्रेस की भ्रष्टाचारी और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली बघेल सरकार को उखाड़ फेंकें। विकास के प्रति समर्पित भाजपा की डबल इंजन वाली जन हितैषी सरकार  बनाएं।

अमित शाह ने सभाओं में कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। पहले चरण में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना निश्चित हो गया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने वाली है। 70 सालों से कांग्रेस पार्टी राम मंदिर के मुद्दे को लटका रही थी, अटका रही थी, भटका रही थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने मंदिर का भूमिपूजन किया। अब 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा भी करने वाले हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में यह वादा किया है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने पर बीपीएल कार्ड धारकों को को भाजपा सरकार मुफ़्त में अयोध्या दर्शन कराएगी। मैं जब भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था, तब राहुल बाबा रोज ताने मारते थे कि ‘मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे। आज इस मंच से राहुल गांधी को कहना चाहता हूं कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर में रामलला विराजमान होने वाले हैं। भले ही कांग्रेस पार्टी राम मंदिर के दर्शन करने न जाए किंतु भाजपा यहाँ के सभी बीपीएल कार्ड धारियों को राम लला के दर्शन अवश्य कराएगी।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के राज में अंधाधुंध धर्म-परिवर्तन हुआ करते थे। भाजपा छत्तीसगढ़ के लोगों को आश्वस्त करती है कि आने वाले समय में किसी भी आदवासी भाई-बहन को धर्म-परिवर्तन के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। 5 वर्षों में भूपेश बघेल सरकार ने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया। एक ओर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चांद पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग हुई और लैंडिंग बिंदु का नाम ‘शिव-शक्ति पॉइंट’ रखा गया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने भगवान महादेव का नाम भी सट्टा लगाने जैसे गलत कामों से जोड़ दिया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने चावल वितरण, कोरोना राहत सामग्री, पीएम आवास योजना – सब जगह घोटाला किया। छत्तीसगढ़ का छोटा बच्चा भी बघेल सरकार के भ्रष्टाचार के किस्से जानता है। इसीलिए ये वाक्य बहुत लोकप्रिय हो गया है कि ‘सत्ते पे सट्टा, कौन कर रहा है? ‘भूपेश कक्का’ कर रहा है!

अमित शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार आने पर प्रत्येक किसान से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान को ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। भूपेश बघेल सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मुआवजा देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया। भाजपा ने यह तय किया है कि हर विवाहित महिला को ₹12 हजार सालाना दिए जाएंगे। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि में केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सालाना ₹6,000 की आर्थिक सहायता के अतिरिक्त किसानों को सालाना ₹6,000 की अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जायेगी। छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो घर आवंटित किये थे, उसे बघेल सरकार ने बनने नहीं दिया। किन्तु राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख नए घर बनाए जाएंगे। वर्तमान छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार में तेंदुपत्ता संग्रहण से जुड़े आदिवासी भाई-बहनों के साथ बहुत अन्याय देखने को मिले हैं। राज्य में भाजपा की सरकार आने पर तेंदुपत्ता संग्रहण की दर को बढ़ाकर ₹5,500 प्रति मानक बोरा सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा सरकार तेंदुपत्ता संग्रहण प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित करेगी। इसके लिए सरकार चरण पादुका योजना को पुनः लागू करेगी और अतिरिक्त संग्रहण करने वालों को ₹4,500 का बोनस के तौर पर देने का कार्य करेगी। भाजपा सरकार के आने के बाद माताओं- बहनों को ₹500 में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। कई आदिवासी क्षेत्र अब भी नक्सलवाद से प्रभावित हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार आते ही राज्य में 5 साल के भीतर नक्सलवाद को जड़ से खत्म किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *