राहुल गांधी कह रहे हैं भाजपा की सीटें 200 से नीचे आएंगी… यही सब का अनुमान- राजीव शुक्ला

मिसाल न्यूज़

रायपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने कहा कि लोकसभा चुनाव चल रहा है। पहले चरण में 102 सीटों के लिए मतदान हो चुका है। खबरें यही हैं कि पहले चरण के मतदान में इंडिया गठबंधन बहुत आगे है। यही वजह है कि भाजपा के नेता बहुत घबराये हुये हैं। राहुल गांधी कह रहे हैं कि भाजपा की सीटें 200 से नीचे आएंगी। यही सबका अनुमान है।

राजीव भवन में आज प्रेस वार्ता में राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में मुस्लिम तुष्टिकरण, हिन्दू, मुसलमान ऐसी कोई बात का जिक्र नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री ने इसका मुद्दा उठाया। कांग्रेस के घोषणा पत्र में महिलाओं की संपत्ति एवं जेवर का कहीं कोई जिक्र नहीं है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस पर भी गलत बयानबाजी कर रहा है। देश में 70 साल कांग्रेस की सरकार रही, कभी भी किसी महिला का जेवर नहीं लिया गया। सभी वर्गों को सुविधाएं दी गईं। आज जो कुछ भी देश में है ये सब है जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, नरसिम्हा राव, मनमोहन सिंह एवं अटल बिहारी बाजपेयी की देन है। अभी के जो भाजपा के बड़े नेता हैं इन्हें शर्म आती है अपने सर्वोच्च नेता अटल बिहारी बाजपेयी का नाम लेने में। ये तो अटल बिहारी बाजपेयी को अपना नहीं मानते। उनके जमाने में भी काम हुआ था। ऐसा शो किया जा रहा है कि सन् 2014, मोदी जी के आने से पहले देश में कुछ था ही नहीं। मानो सब तरफ जंगल और खेत थे। इस तरह का गलत प्रचार किया गया कि इन्होने ही सब कुछ बनाया। रेल, बैंक, जहाज, सेना भी इन्होंने बनाया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने भी इसी तरह की बयानबाजी की। 102 सीटों पर जो चुनाव हुआ उसमें भाजपा की स्थिति बहुत खराब है। चाहे उत्तर प्रदेश हो या अन्य राज्य भाजपा की हालत बहुत खराब है। इसीलिये भाजपाई बेहद परेशान हैं। इसलिये भाजपा के लोग कुछ भी मिथ्या प्रचार कर रहे हैं।

शुक्ला ने कहा कि भाजपा के लोग बाबा साहेब अंबेडकर के बनाये गये संविधान को बदलना चाहते हैं। इनकी बहुत बड़ी साजिश है। इन्होंने किसानों, पिछड़ा, आदिवासी, दलित, और समाज के लोगों सबके अधिकारों को छिना है। अब देश की संविधान को बदलने का साजिश कर रहे हैं। लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश कर रहे है। इनको तीन चौथाई बहुमत चाहिये इसलिये इस तरह की बात कर रहे हैं।

पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, प्रवक्ता अमित श्रीवास्तव एवं ऋषभ चंद्राकर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *