रायपुर नगर निगम राजस्व विभाग का अमला दिल्ली व चंडीगढ़ की व्यवस्था का अध्ययन कर वापस लौटा

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा के आदेशानुसार निगम उपायुक्त डॉ. आर.के. डोंगरे के नेतृत्व में निगम राजस्व विभाग के 93 कर्मचारी अध्ययन दौरे पर  दिल्ली और चंडीगढ़ नगर निगम गए। वहां रायपुर नगर निगम की टीम ने राजस्व कर संग्रहण एवं वसूली प्रणाली सहित कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का अध्ययन किया।

रायपुर वापसी के बाद निगम उपायुक्त आर.के. डोंगरे, राजस्व अधिकारी बलदाऊ वर्मा, विवेकानंद दुबे समेत सहायक राजस्व अधिकारीगण, आई.टी. विषेषज्ञगण, राजस्व निरीक्षकों एवं सहायक राजस्व निरीक्षकों ने निगम कमिश्नर अबिनाष मिश्रा एवं अपर आयुक्त राजस्व राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता से मिलकर उन्हें दिल्ली और चंडीगढ़ नगर निगम की अध्ययन यात्रा की रिपोर्ट दी। अध्ययन दल ने दिल्ली और चंडीगढ़ नगर निगम की राजस्व कर वसूली प्रणाली के अध्ययन सहित महानगरों में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन प्रबंधन व्यवस्था देखी। रहवासियों और होटल व्यवसायियों से इस संबंध में चर्चा कर जानकारी ली । उपायुक्त राजस्व ने दिल्ली और चंडीगढ़ नगर निगम की अध्ययन यात्रा के दौरान वहां की जा रही बेहतर व्यवस्था के संबंध में निगम कमिश्नर को जानकारी देकर रायपुर शहर की परिस्थितियों के अनुरूप वहां की बेहतर प्रणाली को लागू किये जाने के संदर्भ में चर्चा की। बताया कि चंडीगढ़ में राजस्व वसूली के प्रचार प्रसार हेतु अतिरिक्त बजट का प्रावधान है, जिसके माध्यम से टैक्स के भुगतान की प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराया जाता है। छूट तथा दण्ड के प्रावधानों को लोगों तक पहुंचाने हेतु रेडियो एफ एम और न्यूज के माध्यम से सूचना दी जाती है। चंडीगढ़ में वर्ष में लगभग 1 लाख बकायादारों को पोस्ट के माध्यम से डिमांड नोटिस भेजा जाता है। इन सब कारणों से टैक्स पेयर जागरूक होता है और वसूली टारगेट अनुरूप रहती है।

इसी तारतम्य में आज बैठक में राजस्व की टीम को प्रतिदिन अपने वार्डों में रोज 5 नये भवनों में जाकर टैक्स पेयर से मिलने का आदेश जारी किया गया। साथ ही अगले 5 दिनों में प्रत्येक वार्ड का डिमांड बिल प्रिंट कर राजस्व कर्मचारियों को दिया जावेगा । ताकि राजस्व कर्मचारी को वार्ड भ्रमण के दौरान प्रत्येक घर की जानकारी रहे। यदि जरूरत हो तो मौके पर ही डिमांड देकर पाश मशीन के माध्यम से वसूली की जा सके। बैठक उपरांत सभी राजस्व विभाग को वसूली की समीक्षा हेतु एक नया फार्मेट तैयार कर दिया गया है जिसके आधार पर प्रत्येक सोमवार को समीक्षा की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *