मिसाल न्यूज़
रायपुर। एकात्म परिसर में आज नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा का थीम सॉग लॉच हुआ। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि थीम सॉग केवल गीत-संगीत या मनोरंजन नहीं, बल्कि इनके माध्यम से हम अपने मिशन और विजन को रखने जा रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इस प्रदेश की जनता ने भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दिया। कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार के भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार के कारण प्रदेश की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया। आम जनता के लिए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव इस मायने में ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इन नगर व ग्राम सरकारों से उनका सीधा सरोकार होता है।
श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा जनता के बीच अपनी सरकार की उपलब्धियों को अच्छी तरह पहुँचा सके, इसलिए हम विभिन्न प्रकार की योजनाएँ लेकर आते हैं। हमारा घोषणा पत्र जारी हो गया। हमारी चुनावी तैयारियाँ पिछले दो महीने से चल रही थी। भाजपा के प्रचार अभियान में गीतों के माध्यम से प्रचार हमारा एक सशक्त माध्यम रहा है। हमारा प्रचार करने का तरीका ही अलग है। हम आम आदमी तक अपनी बातों को भाषण, डिजिटल माध्यमों, गीत-संगीत, कला के माध्यम से पहुँचाते हैं। यह भाजपा के प्रचार का अपना एक अलग तरीका है। आज हमारे सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की टीम और मीडिया के साथियों ने मिलकर थीम सॉन्ग तैयार किया है, जिसके माध्यम से भाजपा सरकार की उपलब्धियों और नगर व ग्रामों के विकास के अपने विजन को हम सभी के सामने रखेंगे।
थीम सॉन्ग के गीतों में छत्तीसगढ़ की
जनता की भावना सुनाई देगी : अनुज शर्मा
भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि निकाय चुनाव-प्रचार के लिए जिन गीतों को तैयार समर्पित किया जा रहा है, उनमें सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन गीतों में आपको छत्तीसगढ़ की जनता की भावना सुनाई देगी। उनके मन की जो बात है, वह इन गीतों के माध्यम से रखने का प्रयास किया गया है। इस थीम सॉन्ग के गीतकार, संगीतकार, गायक सभी स्थानीय कलाकार हैं। थीम सॉन्ग में जो हमारे मुख्य गीत हैं, उसमें जनता की भावना है कि “जिसने बनाया था वही सँवारेंगे।” शर्मा ने इस मौके पर एक गीत की कुछ पंक्तियाँ भी गाकर सुनाई। शर्मा ने अपने संबोधन के अंत में भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष स्व. राजेश अवस्थी को याद कर सबके साथ एक मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
क्रिएशन और इनोवेशन
भाजपा की ताकत : अमित चिमनानी
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए थीम सॉन्ग की लॉन्चिंग के कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए बताया कि भाजपा हमेशा इनोवेशन के लिए जानी जाती है। नए-नए प्रयोग कर जनता के बीच जाकर अपनी बात अलग-अलग माध्यमों से रखे जाने के लिए जानी जाती है। क्रिएशन और इनोवेशन के लिए भाजपा ऐसे बहुत-से कंटेंट लेकर जनता तक पहुँचेगी। यह थीम सॉन्ग भाजपा ने जनता की भावनाओं के अनुरूप प्रस्तुत किया है। प्रदेश के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स में यह गीत सुने जाएंगे ।
भाजपा के इस थीम सॉन्ग लॉन्चिंग कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार व भाजपा नरेटिव टीम के संयोजक पंकज झा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सोमेश पांडेय व शशांक शर्मा उपस्थित थे।