मिसाल न्यूज़
रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज निगम के नगर निवेश विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। महापौर अफसरों को निर्देश दिए कि निगम के दसों जोन दफ्तरों में जो लोग नक्शा पास कराने के लिए आवेदन लगाते हैं, तय समय सीमा के भीतर उन्हें नक्शा पास करके दें। यदि इसमें अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित नगर निवेश विभाग के अभियंतागण सीधे जवाबदेह होंगे। महापौर ने जीई मार्ग में टाटीबंध से तेलीबाँधा तक मार्ग विभाजक को नो फ्लैक्स स्ट्रीट घोषित करने के निर्देश दिए। सभी जोन कमिश्नरों को नो वेंडिंग जोन क्षेत्रों में अभियान चलाकर उन्हें कब्जा मुक्त करवाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख रुप से नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा उपस्थित थे।

महापौर ने कहा कि नक्शे के लिए आवेदकों को घुमाना -फिराना बंद करें। अभियंतागण सभी पंजीकृत आर्टिटेक्ट औऱ नागरिकों को अवगत कराएं कि नक्शा आवेदन के साथ एक बार में कौन से आवश्यक दस्तावेज लगने हैं। महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों को नो वेंडिंग जोन क्षेत्रों में अभियान चलाकर उन्हें कब्जामुक्त करवाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि सभी जोनों में दस दिनों के भीतर नई जगह चिन्हित कर नये वेंडिंग जोन विकसित करें। महापौर ने सभी जोन क्षेत्रों में अवैध निर्माणों तथा अवैध प्लाटिंग पर लगातार अभियान चलाए रखने कहा।
बैठक में अपर कमिश्नर व्दय पंकज के. शर्मा व विनोद पाण्डेय, अधीक्षण अभियंता राजेश पी. नायडू, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर तृप्ति पाणीग्रही, सभी जोन कमिश्नर, सभी उपायुक्त, सभी कार्यपालन अभियंता, नगर निवेश विभाग के सहायक अभियंता तथा उपअभियंतागण, एनयूएलएम मिशन मैनेजर श्रीमती सुषमा मिश्रा एवं सुश्री कोमल भटनागर उपस्थित थे।

