मिसाल न्यूज़
रायपुर। विधानसभा में आज पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक राजेश मूणत के सवालों पर उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरुण साव ने जानकारी दी कि कि रायपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र में लगभग 15 लाख 80 हजार आबादी निवास करती है। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में 295 एम.एल.डी. पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जो मापदंड के अनुरूप है।
राजेश मूणत का लिखित में प्रश्न था कि क्या नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग व्दारा रायपुर नगर-निगम सीमा में पेयजल आपूर्ति, डिस्चार्ज वाटर निकासी एवं आऊटर के क्षेत्रों के लिए कोई कार्य योजना बनाई गई है या प्लानिंग की गई है अथवा की जा रही है? रायपुर नगर निगम सीमा अंतर्गत कुल कितनी आबादी निवासरत् है, मापदंड अनुसार वर्तमान पेयजल आपूर्ति कितनी है? यदि कम है तो इसे बढ़ाने हेतु विभाग की क्या कार्य योजना है?
उप मुख्यमंत्री अरूण साव की ओर से लिखित में जवाब आया कि रायपुर नगर निगम सीमा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग व्दारा जल आवर्धन योजना तथा रायपुर नगर निगम व्दारा अमृत मिशन एवं स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत निर्मित परियोजनाओं के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। मिशन अमृत फेस-1 अंतर्गत. रायपुर नगर निगम में सम्मिलित नवीन क्षेत्र जोरा, देवपुरी, बोरियाखुर्द, कचना एवं आमासिवनी तथा श्यामनगर एवं रामनगर हेतु जल प्रदाय योजना का क्रियान्वयन किया गया है। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड व्दारा 14 वार्डों में पेयजल आपूर्ति हेतु पाईप लाईन विस्तार का कार्य किया गया है। मिशन अमृत फेस-2 अंतर्गत कुल 07 पैकेज में से 5 पैकेज के अंतर्गत 12 उच्च स्तरीय जलागार एवं 45 वार्डों में पाईप लाईन विस्तार का कार्य किया गया है। शेष 02 पैकेज जिनमें जरवाय, गोगांव, कबीर नगर, सरोना, दीनदयाल उपाध्याय नगर, अमलीडीह, चंगोराभाटा, लाभांडी, फुण्डहर, सड्डू, मोवा, कोटा, खम्हारडीह, दलदलसिवनी एवं भाटागांव का कार्य शेष रहा। उक्त क्षेत्रों में से लाभांडी एवं फुण्डहर क्षेत्र में पाईप लाईन विस्तार का कार्य 15 वें वित्त आयोग मद से तथा खम्हारडीह क्षेत्र में उच्च स्तरीय जलागार निर्माण एवं पाईप लाईन विस्तार का कार्य मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना अंतर्गत क्रमशः स्वीकृत किये गये हैं। इसके अतिरिक्त ठक्कर बापा वार्ड में उच्च स्तरीय जलागार निर्माण एवं पाईप लाईन विस्तार कार्य अधोसंरचना मद से स्वीकृत किया गया है। रायपुर नगर-निगम क्षेत्र (आऊटर के क्षेत्रों सहित) में डिस्वार्ज वाटर निकासी हेतु नालियां विद्यमान है। जिनके उच्च स्तरीय जलागार निर्माण एवं पाईप लाईन विस्तार कार्य अधोसंरचना मद से स्वीकृत किया गया है। रायपुर नगर-निगम क्षेत्र (आऊटर के क्षेत्रों सहित) में डिस्चार्ज वाटर निकासी हेतु नालियां विद्यमान हैं। जिनके माध्यम से रायपुर नगर निगम क्षेत्र के डिस्चार्ज वॉटर की निकासी छोटे बड़े नालों के माध्यम से होती है। समय-समय पर आवश्यकतानुसार नाली निर्माण कार्य की स्वीकृति चरणबद्ध रूप से प्रदान की जाती है। इस हेतु पृथक से कोई कार्ययोजना नहीं बनाई गई है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत अनुमानित 15 लाख 80 हजार की आबादी निवासरत है। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में 295 एम.एल.डी. पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जो मापदंड के अनुरूप है।

