अभनपुर विधानसभा में षड़यंत्र कर 714 ऐसे मतदाताओं के नाम विलोपित करवा दिए गए जो जीवित हैं- धनेन्द्र साहू

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में वर्तमान में चल रहे एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लाखों मतदाताओं को वंचित करने की साजिश सामने आ रही है। मेरे खुद के अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में षड़यंत्रपूर्वक  714 ऐसे मतदाताओं का नाम विलोपित करवा दिया जो जीवित हैं। इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग से की गई है। ऐसे कई मतदाता जिनके नाम विलोपित हो गए हैं, कांग्रेस ने उनको आज मीडिया के सामने लाकर खड़ा किया।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में धनेन्द्र साहू ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया को जानबूझकर इतना जटिल और उलझाऊ बना दिया गया है कि आम नागरिक विशेषकर गरीब अल्पसंख्यक ग्रामीण बुजुर्ग और कमजोर वर्ग के लोग इसे समझ ही नहीं पा रहे हैं। इसका प्रत्यक्ष परिणाम यह हो रहा है कि बड़े पैमाने पर षड़यंत्रपूर्वक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं जिससे वे अपने संवैधानिक अधिकार, मतदान से वंचित हो जाएंगे।

धनेन्द्र साहू ने कहा कि लोकसभा के विपक्ष के नेता राहुल गांधी विगत कई महीनों से वोट चोरी की आवाज उठाते आ रहे हैं, जिसे प्रमाण सहित साबित भी कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग और भारत सरकार अपने रवैये में सुधार नहीं कर रही है। जिन प्रदेशों में  एसआईआर का काम चल रहा है वहां बड़े पैमाने पर मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का अभियान चलाया जा रहा है।

धनेन्द्र साहू ने कहा कि अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में षड्यंत्र का प्रत्यक्ष उदाहरण सामने आया है। वहां हमारे कार्यकर्ताओं ने प्रारंभिक जांच में पाया कि लगभग 714 ऐसे मतदाता हैं जो जीवित हैं, उसी वार्ड एवं उसी गांव में वर्षों से निवास कर कर रहे हैं, इसके बावजूद गलत जानकारी पहुंचाते हुए उनके नाम निर्वाचन नामावली से विलोपित करवा दिए गए। यह कोई प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि सुनियोजित राजनीतिक साजिश है। गांव-मोहल्लों में सर्वे कराकर चिन्हित किया गया कि कौन-कौन मतदाता कांग्रेस समर्थक हैं। उन चिन्हित मतदाताओं के नाम एसआईआर के नाम पर कटवाने की प्रक्रिया चलाई गई। इस सूची में अधिकांश अल्पसंख्यक, गरीब एवं पिछड़े वर्ग के मतदाता हैं जो लगातार कांग्रेस के पक्ष में मतदान करते आ रहे हैं। स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों द्वारा बीएलओ ( Booth Level Officers) पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उनसे रिपोर्ट बनवाने को कहा जा रहा है कि फलां व्यक्ति गांव में नहीं रहता। वह बाहर चला गया है। जबकि हकीकत यह है कि वे सभी लोग आज भी उसी गांव या वार्ड में निवासरत हैं। यह न केवल निर्वाचन प्रक्रिया से छेड़छाड़ है बल्कि आपराधिक कृत्य भी है। इस षड्यंत्र का पैटर्न केवल अभनपुर विधानसभा तक सीमित न होकर आशंका है कि पूरा प्रदेश में जोरों से चल रहा होगा। यह कृत्य दर्शाता है कि फर्जी आपत्तियां, फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी नामों के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाने का संगठित षड्यंत्र चल रहा है। जो लोग झूठी रिपोर्ट पहुंचवा रहे हैं उनके ऊपर अपराध दर्ज होना चाहिए एवं कानूनी कार्यवाही होना चाहिए। इस मामले की शिकायत संबंधित थाने में एवं निर्वाचन संबंधित अधिकारी के समक्ष दर्ज कराई गई है। मताधिकार लोकतंत्र की आत्मा है। अकारण मतदाता सूची से नाम काटना लोकतंत्र की हत्या के समान है। कांग्रेस इस साजिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। हर स्तर पर सड़क से सदन तक प्रशासन से निर्वाचन आयोग तक कड़ा संघर्ष करेगी।

रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन तथा कवर्धा जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने भी अपने जिलों में एसआईआर की गड़बड़ियों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सरकार के इशारों पर एसआईआर के काम में लगे प्रशासनिक अमले के लोग चिन्हांकित करके मतदाताओं का नाम काट रहे हैं। अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं को टारगेट किया जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष उधो वर्मा, प्रदेश सचिव प्रवीण साहू उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *