रायपुर जिले में होगा पाण्डुलिपियों का संरक्षण, ज्ञान भारतम मिशन के तहत बनी जिला स्तरीय समिति

0 कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर जिले में अब पाण्डुलिपियों का संरक्षण किया जा रहा है। भारत सरकार के ज्ञान भारतम् मिशन के तहत यह प्रारंभ किया गया है। इस मिशन के अंतर्गत समन्वय के जिए जिला समिति का गठन किया गया है जिसके अध्यक्ष कलेक्टर होंगे एवं अन्य सदस्यों में जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम कमिश्नर, जिले में स्थित विश्वविद्यालय के कुलसचिव, महाविद्यालय के प्राचार्य, कलेक्टर द्वारा नामांकित संस्कृत अन्य प्राचीन भाषा विशेषज्ञ एवं जिला शिक्षा अधिकारी शामिल हैं। इस समिति की प्रथम बैठक कलेक्टरेट सभाकक्ष में हुई।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि इस मिशन के अंतर्गत ज्ञान भारतम् मिशन के तहत पाण्डुलिपियों, ताम्रपत्रों, ताड़ पत्रों एवं दुर्लभ हस्तलिखित ग्रन्थों का व्यक्तिगत एवं संस्थागत संग्रहण कर सूचीब़़द्व किया जाना है। यह पाण्डुलिपि संरक्षित होने पर आने वाली पीढ़ी के लिए ज्ञानवर्धक साबित होगी। साथ ही उन्हें उनके गौरवशाली इतिहास एवं तथ्यों से परिचित होेंगे।

बैठक में पुरातत्व विद् प्रभात सिंह ने बताया कि इस अभियान में हस्तलिखित पोथियों/दस्तावेजों जो कागज, ताड़पत्र या भोजपत्र पर अंकित हों और लगभग 75 वर्ष पुराने हों का सर्वेक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में यह कार्य 2006-7 में प्रारंभ किया गया था। तब करीब पंचायत स्तर पर सर्वे कर 250 से 300 पाण्डुलिपि चिन्हित किए गए थे। वर्ष 2016 के बाद यह कार्य फिर से प्रारंभ किया गया एवं 3 हजार 222 सर्वे किए जा चुके हैं। प्रभात सिंह ने बताया कि रायपुर के संस्कृत कॉलेज में पाण्डुलिपियों का काफी अच्छा संग्रहण है। वहां जाकर इसकी मैपिंग कर उसे सर्वे कर डिजिटल रूप में रखा जाएगा।

बैठक में बताया गया कि इस कार्य में शिक्षा विभाग का सहयोग लिया जाएगा और पंचायत स्तर एवं नगरीय निकाय स्तर पर उनका चयन कर उन्हें इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। सर्वेक्षण कार्य पाण्डुलिपि संग्रह केन्द्र के प्रभारी/पाण्डुलिपि संग्रहकर्ता की सहमति प्राप्त कर ही किया जाएगा। पाण्डुलिपि का स्वामित्व संग्रहकर्ता के पास ही रहेगा। जिले में सर्वेक्षण कार्य ‘GYAN BHARAT MOBILE APP’ मोबाइल ऐप्लीकेशन जो गूगल प्ले स्टोर/एप स्टोर पर निःशुल्क डाउनालोड हेतु उपलब्ध है के माध्यम से किया जाएगा।

प्रसिद्ध इतिहासकार रमेन्द्रनाथ मिश्र ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए और कहा कि रायपुर जिले में पाण्डुलिपियों की बहुमूल्य उपलब्धता है और इस मिशन के माध्यम से इन लिपियों को संग्रहित किया जा सकता है।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीईओ हिमांशु भारती, नगर निगम अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय, नगर निगम उपायुक्त डॉ. अंजली शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *