बजट की सामान्य सभा में वादाखिलाफी की तख्ती लटकाए पहुंचे कांग्रेस पार्षद… सदन की कार्यवाही करनी पड़ी स्थगित…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम की बजट की सामान्य सभा में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में समस्त कांग्रेस पार्षदों ने गले में तख्ती लटकाए सदन में एंट्री की और सत्ता पक्ष पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। जवाब में सत्ता पक्ष के पार्षदगण नारे लगाने लगे। एक-दूसरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बीच सारे कांग्रेस पार्षदगण गर्भ गृह पहुंचे और सभापति के डायस के सामने धरने पर बैठ गए। भारी शोर शराबा होने के कारण सभापति सूर्यकांत राठौर को सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी।

धरना समाप्त होने के बाद आकाश तिवारी ने सामान्य सभा कक्ष के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कहा कि 2025 के बजट में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने जो वादे किए थे पूरे नहीं हुए। महापौर इस बार के बजट में नए-नए वादों का पुलिंदा लेकर फिर सामने आ गई हैं। जल संकट को देखते हुए जल बोर्ड का गठन 3 महीना पहले किया गया था। सवाल यह कि क्या नगर निगम को जल बोर्ड के गठन का अधिकार है। मेरे खुद के पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड  में तीन महीना पहले जल बोर्ड के सदस्यों सहित नगर निगम कमिश्नर का दौरा हुआ था। पानी की समस्या को देखते हुए मैंने नई पाइप लाइन डालने की बात कही थी। जल बोर्ड के सदस्यों ने वॉल लगाने की बात कहकर अपनी मनमानी की और 6 लाख खर्च करने के बाद भी कार्य वह नहीं हो पाया जिससे जनता को लाभ होता। महादेव घाट को आप सुंदर बनाने की बात करते हैं और चिंगारी नाले के गंदे पानी को रोक नहीं पा रहे हैं। 18 करोड़ की लागत से रिंग वॉल बनाएंगे पिछले साल घोषणा करे थे और अभी तक उस कार्य को मूर्त रूप नहीं दे पाए। उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) द्वारा सभी 70 वार्डों के लिए की गई घोषणा के पूरे पैसे तक नहीं मिल पा रहे हैं। आकाश तिवारी ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में हुई तीन लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन है यह आज तक समझ में नहीं आ रहा है। अस्पताल प्रधान प्रबंधक द्वारा नगर निगम पर सवाल उठाए जा रहे हैं।  एक ओर महापौर रायपुर शहर को राजधानी का स्वरूप देने की बात करती हैं दूसरी ओर 9 करोड़ की लागत से बनी हुई चौपाटी को हटवा देती हैं। चौपाटी के उन दुकानदारों का आज तक व्यवस्थापन नहीं हो पाया है। बूढ़ातालाब स्थित आउटडोर स्टेडियम परिसर में यूथ हॉस्टल का प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पाया है। तात्यापारा रोड चौड़ीकरण के प्रभावित लोगों को मुआवजा 6 माह में देने का वादा महापौर ने किया था आज तक वह पूर्ण नहीं हो पा रहा है। रायपुर का ड्रेनेज सिस्टम भगवान भरोसे है।

सामान्य सभा में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस पार्षदों में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी समेत संदीप साहू, श्रीमती जयश्री सत्यनारायण नायक, अर्जुमन ढेबर, श्रीमती रेणु जयंत साहू, शेख मुशीर एवं  श्रीमती रोनिता प्रकाश जगत शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *