रायपुर दक्षिण विधायक, महापौर एवं सभापति ने स्वामी विवेकानंद सदर बाजार तथा शहीद राजीव पांडे वार्ड में किया सवा करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन

मिसाल  न्यूज़

रायपुर। विधायक सुनील सोनी, महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने आज रायपुर दक्षिण विधानसभा के शहीद राजीव पाण्डेय एवं स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड में लगभग सवा करोड के नये विकास कार्यों का भूमि पूजन कर नगरवासियों को शानदार सौगात दी। इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी ने कड़े शब्दों में कहा कि एक बार सड़क बनने के बाद दोबारा वहीं पर सड़क बनाने का प्रस्ताव मिलने पर संबंधित जोन कमिश्नर एवं अभियंता सीधे जिम्मेदार रहेंगे। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने अपील की कि पानी की बूंद बूंद बचाएं एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपने घरो में जरूर करवाएं। वहीं सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि नागरिकगण नये विकास कार्यों को गुणवत्ता से करवाने स्वतः निरीक्षण करें। कमी दिखने पर तत्काल बताएं, ताकि उसी समय गुणवत्ता में सुधार हो सके।

स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड में शंकर चौक में विभिन्न स्थानों पर नई सीसी रोड, नाली, पुलिया आदि के लगभग 35 लाख के नये विकास कार्यों का भूमि पूजन हुआ। शहीद राजीव पाण्डेय पार्ड अंतर्गत संजय नगर टिकरापारा में बड़े हनुमान जी मंदिर के समीप अधोसंरचना मद से सीसी रोड नाली, पुलिया एवं अन्य विविध नये विकास कार्यों का लगभग 90 लाख की लागत से श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन के अवसर पर नगर निगम के जोन 4 अध्यक्ष एवं स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड पार्षद मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष एवं शहीद राजीव पाण्डेय वार्ड पार्षद बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद अजय साहू, श्रीमती अंजली गोलछा, प्रमोद कुमार साहू, रमेश सपहा, रवि सोनकर, नगर निगम पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुभाष तिवारी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता वर्धमान सुराना, कृष्ण कुमार अवधिया, भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, मंडल अध्यक्ष अनिषेक तिवारी, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा एवं सहायक अभियंता दीपक देवांगन उपस्थित थे।

इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी ने इस अवसर पर कहा कि राजधानी शहर रायपुर के विकास में धन राशि की कोई कमी नहीं है। एक बार सड़क बनने के बाद उसमें पाईप लाईन डालने के नाम पर उसे खोदा ना जाये यह निगम अधिकारी सुनिश्चित कर लें। यदि नई सड़क बनने के बाद वहीं पर फिर से नई सड़क का प्रस्ताव आता है तो संबंधित जोन कमिश्नर एवं अभियंता सीधे जिम्मेदार रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी नये विकास कार्य समय सीमा में एवं गुणवत्ता से करवाए जायें। उन्होंने नागरिको से गर्मी में पानी बधाने एवं वार्ड को स्वच्छ रखने सहभागी बनने अपील की।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा एवं जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता की सक्रियता के कारण वार्ड में नये विकास कार्य करवाये जा रहे है। हर वार्ड में नये विकास कार्य करवाने हेतु उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरूण साव ने पार्षदों के प्रस्ताव पर राशि स्वीकृत की है। महापौर ने रायपुर दक्षिण के वार्डों में नये विकास कार्य करवाने हेतु पर्याप्त राशि नगर निगम को शासन से दिलवाने हेतु विधायक सुनील सोनी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि रायपुर दक्षिण के सभी वार्डों में तेज गति से विकास करवाने के पीछे विधायक सूनील सोनी की भूमिका है । उन्होने जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा एवं जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता सहित वार्डवासियों को नये विकास कार्य प्रारंभ होने पर बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *