मिसाल न्यूज़
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेस कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कह रहे हैं कि वैश्विक संकट के इस समय में वर्क फ्राम होम करो। क्या मजदूर व किसान घर से बैठे-बैठे कोई काम कर सकते हैं? यदि प्रधानमंत्री को कोई संकट नजर आ रहा है तो वे सर्वदलीय बैठक बुलाएं।
राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस में दीपक बैज ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू ने कहा था आराम हराम है। मोदी जी कहते हैं आराम करो। प्रधानमंत्री की अपील ने देशवासियों के जख्मों पर नमक डालने का काम किया है। पिछले 2 माह से जनता डीजल, पेट्रोल, गैस के संकट से जूझ रही है। महंगाई की मार झेल रहे लोगों से प्रधानमंत्री ने कहा है कि खेती में खाद का उपयोग कम करें। वर्क फॉर्म होम करें। ऑफिस न जाएं। खाद्य तेल का उपयोग कम करें। गैस का उपयोग कम करें। सोना मत खरीदें। बैज ने कहा कि महंगाई इतनी बढ़ चुकी है कि मध्यम वर्ग व गरीब तबके के लोग तो सोना वैसे ही नहीं खरीद पा रहे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं विदेश यात्रा मत करें। मोदी जब से प्रधानमंत्री बने 70 देशों की विदेश यात्रा कर चुके हैं। उनकी यात्राओं के बाद भी हमारी विदेश नीति कमजोर रही। उनकी विदेश यात्रा पर 8400 करोड़ रूपये खर्च हो चुके हैं। जब से मोदी प्रधानमंत्री बने हैं महंगाई चरम पर है। हमारे नेता राहुल गांधी एवं मल्लिकार्जुन खड़गे इस बात को लगातार उठाते रहे हैं। जब पानी सर से ऊपर जा चुका है तो मोदी कह रहे हैं त्याग करो। ढाई साल से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है। यहां किसान खाद के लिए तरस रहे हैं। अब मोदी कह रहे हैं खाद संकट आने वाला है। ये चाहते ही नहीं कि किसान फसल लें। बैज ने कहा कि मोदी कह रहे हैं कि वर्क फार्म होम करिये। काम पर मत जाइए। इस सलाह से फील्ड में काम करने वाले, गली कूचे में घूमकर सामान बेचने वाले, फेरी लगाने वाले क्या करेंगे?
बैज ने कहा कि आवश्यक सामग्री के दाम मनमोहन सरकार की तुलना में मोदी राज में बेतहाशा बढ़े हैं। 2013 की तुलना में मोदी राज में सोना 50 गुना महंगा हुआ है। 2013 में जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब भारत में सोने की कीमत 28 हजार 500 से 29 हजार 600 रू. प्रति ग्राम था। आज 2026 में सोने का भाव 1 लाख 52 हजार 130 रूपये प्रति 10 ग्राम है। 12 सालों में मोदी राज महंगाई बेतहाशा बढ़ने का अंदाजा सोने की कीमत से लगाया जा सकता है कि सोना 50 गुना महंगा हुआ।
बैज ने कहा कि मोदी अपने नेताओं को कहें कि डीजल-पेट्रोल बचाएं। मोदी की अपील के बाद भाजपाई मंत्री, विधायक, पदाधिकारी साइकिल से चलें। डीजल-पेट्रोल बचाएं।
पत्रकार वार्ता में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र तिवारी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री दीपक मिश्रा, संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहूजा, प्रवक्तागण धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, अजय गंगवानी, सत्यप्रकाश सिंह एवं सौरभ साहू उपस्थित थे।

