मिसाल न्यूज़
रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज नगर निगम जोन 1, 3 एवं 4 में पार्षदों व अधिकारियों की बैठक ली। महापौर ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश जोन अधिकारियों को दिये। महापौर ने जोन 1, 3 एवं 4 अंतर्गत आने वाले वार्डों में लचर सफाई व्यवस्था एवं जलभराव की समस्या पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नाले एवं नालियों पर बने अवैध पाटों को तोड़ना ही क्यों न पड़े, सफाई तल तक करवाएं। उन्होंने आवश्यकतानुसार नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने निर्देशित किया।
जोन 3 बैठक
बैठकों में महापौर ने निर्देशित किया कि समस्त लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को बार-बार नगर निगम के चक्कर न लगाने पड़े। पेंशन वितरण में आ रही समस्याओं के संबंध में आईडीबीआई बैंक को आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने एवं समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्यवाही जारी रखने कहा। जिन अवैध निर्माणों को नियमानुसार तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उन पर बिना विलंब कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा।
जोन 4 बैठक
महापौर ने कहा कि 5000 वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल वाले प्लॉट पर व्यावसायिक उपयोग की अनुमति हेतु पूर्णता प्रमाण पत्र की प्रति नगर निगम में जमा कराना अनिवार्य किया जाए। बिना आवश्यक दस्तावेजों के किसी भी प्रकरण का निराकरण न किया जाए। अवैध निर्माण की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। निर्माण पूर्ण होने की प्रतीक्षा करने के बजाय प्रारंभिक स्तर पर ही प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जाए।
महापौर ने कहा कि जिन बड़े नालों में जलभराव की स्थिति बनती है, वहां आवश्यकतानुसार अवरोधक दीवार हटाएं। नालियों की नियमित सफाई, सड़कों का समुचित रखरखाव एवं जल निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
महापौर द्वारा जोन 1 में ली गई समीक्षा बैठक में जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, पार्षद श्रीमती अंबिका साहू, श्रीमती परमिला बल्ला राम साहू, डॉ. मनमोहन मनहरे, राजेश कुमार देवांगन, सोहनलाल साहू, एल्डरमेन बी श्रीनिवास राव, विक्रम सिंह ठाकुर, जोन 1 जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा (सीनियर), जोन 3 में ली गई बैठक में जोन अध्यक्ष श्रीमती साधना प्रमोद साहू, एमआईसी सदस्य संतोष सीमा साहू, प्रदीप कुमार वर्मा, कैलाश बेहरा, महेश कुमार ध्रुव एवं जोन 3 जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह, जोन 4 की बैठक में जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, एमआईसी सदस्य श्रीमती संजना संतोष हियाल, पार्षद श्रीमती अर्जुमन एजाज ढेबर, अजय साहू एवं जोन 4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी उपस्थित रहीं।

