मिसाल न्यूज़
रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज भाठागांव बाजार में चबूतरों का पूर्ण पारदर्शिता के साथ नियमानुसार शीघ्र आबंटन करने के निर्देश नगर निगम के राजस्व विभाग को दिए। वहीं ऑक्सीजोन निर्माण के नाम पर पंडरी रोड पर खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों का सहमति अनुसार शंकर नगर के समीप स्थित क्रिस्टल ऑर्केड के सामने शीघ्र व्यवस्थापन की तैयारी करवाने के निर्देश दिए।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे आज सुबह भाठागांव में निर्मित बाजार परिसर का निरीक्षण करने पहुंचीं। इस दौरान जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद रवि सोनकर, नगर निगम डिप्टी कमिश्नर (राजस्व) डॉ. अंजलि शर्मा एवं बाजार विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। महापौर ने भाठागांव बाजार में दुकानों के आबंटन के पूर्व बाजार परिसर में स्वच्छता कायम कर चबूतरों की नियमानुसार नंबरिंग, आवश्यकतानुसार बेरिकेटिंग, समुचित प्रकाश, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए।
महापौर ने वर्षों पूर्व खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों के मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना अंतर्गत सहमति के अनुसार किस्टल आर्केड के सामने शीघ्र व्यवस्थापन करवाने की तैयारी के निर्देश देते हुए कहा कि स्थल पर मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी न रहे।

