मिसाल न्यूज़
रायपुर। शंकरनगर स्थित अशोका रतन रेसीडेंसीयल को आपरेटिव सोसायटी के रहवासियों का प्रतिनिधि मंडल आज नगर निगम मुख्यालय में महापौर श्रीमती मीनल चौबे से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने अशोका रतन परिसर में व्याप्त पानी की समस्या दूर करने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि अशोका रतन परिसर में 20 हजार से अधिक लोग निवास करते हैं। वहां रहवासियों की संख्या के हिसाब से नगर निगम की पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति कम मात्रा में होती है।
महापौर ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें विनम्र सुझाव दिया कि निजी व्यय से सोसायटी परिसर में नल कनेक्शन में वाटर मीटर लगवाएं ताकि जितनी खपत हो उतना ही पानी का देयक आगे मीटर रीडिंग से प्राप्त हो सके। महापौर ने कहा कि धरती माता को पानी वापस लौटाने अशोक रतन रेसीडेंसीयल को आपरेटिव सोसायटी के रहवासी आगे आएं। अपने निवास में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम शीघ्र लगाएं जिससे वर्षा जल संचयन प्रभावी तरीके से हो सके। महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा डूंडा में नया वाटर फिल्टर प्लांट बनाने का कार्य शीघ्र शासन के निर्देशानुसार प्रारंभ किया जायेगा। फिल्टर प्लांट चालू होने के बाद पानी की आपूर्ति आासानी से हो सकेगी एवं गर्मा में जल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
महापौर से मिलने पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रसन्न शर्मा, श्याम नारंग एवं दीपक गुप्ता शामिल थे। इस दौरान नगर निगम जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष साहू, अपर कमिश्नर पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, नगर निगम जोन 9 कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव एवं उपअभियंता (जल) आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति रही।

