पहले महापौर, फिर मुख्यमंत्री का आया पक्ष- “तेलीबांधा चौक का नहीं बदला जा रहा नाम”… बात ‘मेक इन इंडिया चौक’ की थी…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कल अचानक ख़बर उड़ी कि मरीन ड्राइव (तेलीबांधा तालाब) के आगे सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास वाले चौक जिसे तेलीबांधा चौक कहा जाता है का नाम बदलकर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ किया जा रहा है। इस ख़बर पर साहू समाज उव्देलित हो गया और समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने नगर निगम जाकर विरोध दर्ज कराया। पहले महापौर मीनल चौबे फिर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया कि तैलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा। तेलीबांधा थाने के पास शेर की मूर्ति वाले चौक जिसे बोलचाल में ‘मेक इन इंडिया चौक’ कहा जाता है का नाम  ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ किया जाएगा।

साहू समाज के प्रतिनिधियों ने आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे से भेंट कर अपनी बात रखी। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा एवं एमआईसी सदस्य (जल कार्य) संतोष साहू की महापौर कार्यालयीन कक्ष में उपस्थिति रही। महापौर स्पष्ट किया गया कि “सेवा ज्योति संकल्प चौक” के रूप में प्रस्तावित स्थान रिंग रोड एवं तेलीबांधा थाना के समीप स्थित ट्राई-जंक्शन का ट्रैफिक आइलैंड है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर स्थित चौकों के नामकरण के संबंध में कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है और न ही इन चौकों का नामकरण “सेवा ज्योति संकल्प चौक” के रूप में किया गया है। अतः प्रस्तावित “सेवा ज्योति संकल्प चौक” केवल रिंग रोड एवं तेलीबांधा थाना के समीप स्थित ट्राई-जंक्शन के ट्रैफिक आइलैंड को ही संदर्भित करता है। महापौर द्वारा साहू समाज के प्रतिनिधियों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया गया कि तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर स्थित चौकों के नामकरण को लेकर किसी प्रकार का प्रस्ताव नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर उत्पन्न भ्रम को स्पष्ट करते हुए कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। न तो चौक के नाम में कोई परिवर्तन किया जा रहा है और न ही उसके मूल स्वरूप के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश में 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी को भी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा, इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *