1 नवंबर को दिल्ली में वोटर अधिकार यात्रा… छत्तीसगढ़ की कांग्रेस नेत्रियां होंगी शामिल…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। राजीव भवन में प्रदेश महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने की। इस दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ संघर्ष, महिलाओं के अधिकारों तथा आम जनता के हक की आवाज़ को बुलंद करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। तय हुआ कि 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस नेत्रियां दिल्ली के राम लीला मैदान में वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगी।

बैठक में श्रीमती संगीता सिन्हा ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं महिला नेत्रियों का मार्गदर्शन किया। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की आधी आबादी यानी महिलाओं की अपेक्षाओं, उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए महिला कांग्रेस की भूमिका पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना तथा उनकी आवाज़ बनकर उनके हक की लड़ाई लड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में उपस्थित सभी महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने तथा आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में तय हुआ कि 31 अक्टूबर को श्रीमती इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर महिला कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली पहुंचकर वहां श्रद्धांजलि स्थल पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेगा। 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस नेत्रियां दिल्ली चलो, रामलीला मैदान चलो नारे के साथ दिल्ली के राम लीला मैदान पहुंचेंगी। वहां वोटर अधिकार यात्रा में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तथा मतदाताओं के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे पर मजबूती से अपनी आवाज़ बुलंद की जाएगी।

बैठक में मुख्य रूप से प्रीति उपाध्याय, गंगा यादव; दीप्ति दुबे, अर्जुमन ढेबर, डॉ. करुणा कुर्रे, सबा अली, संगीता दुबे, प्रगति बाजपेयी, हजरुन खान बानो, पूनम यादव, अंजना भट्टाचार्य; अनुसूइया राय, प्रमिला सोनवानी, भुवनेश्वरी डहरिया. पुष्पलता वैष्णव, विंदुरानी प्रसाद, कल्पना सागर, शिल्पी तिवारी, अपर्णा फ्रांसिस एवं डिंपल खान मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *