रायपुर में मना जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव… ‘सेवा पार्क’ का होगा निर्माण…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राजधानी रायपुर के पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में जनजातीय गौरव दिवस 2026 एवं वीरांगना शौर्य उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के साथ महान जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा राजधानी रायपुर में ‘सेवा पार्क’ विकसित किया जाएगा।

मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास त्याग, संघर्ष, साहस और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। जनजातीय वीर नायकों और वीरांगनाओं ने जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संवेदनशील नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति के संरक्षण और दूरस्थ अंचलों के सर्वांगीण विकास को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विश्वास और विकास का नया वातावरण बन रहा है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, अमर शहीद गुंडाधुर, रानी कमलापति के जीवन से प्रेरणा लें। साथ ही अपनी भाषा, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों पर गर्व करते हुए इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कार्यक्रम में जिले में संचालित सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सेवा महाकुंभ के माध्यम से पुस्तक, कपड़े, खिलौने, स्टेशनरी सहित अन्य उपयोगी सामग्री का संग्रह कर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही रक्तदान और देहदान जैसे पुनीत कार्यों के प्रति भी नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता को स्थायी स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा रायपुर में ‘सेवा पार्क’ विकसित किया जाएगा। यहां नागरिक अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए उपयोगी सामग्री दान कर सकेंगे। इस पहल से समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और परोपकार की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में कलाकारों ने सुआ नृत्य और राउत नाचा की आकर्षक प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की। शबरी माता पर आधारित एकल नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं ‘राम आएंगे, राम आएंगे’ गीत की प्रस्तुति से सभागार भक्तिमय हो उठा। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम स्थल पर बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों में उनकी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिली। मंत्री केदार कश्यप ने रंगोलियों का अवलोकन कर बच्चों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, कलाकार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *