सीतापुर में महा रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा- “छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया”

मिसाल न्यूज़

रायपुर/सीतापुर। सरगुजा संभाग के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर को पहले चरण का मतदान सम्पन्न हुआ। सर्वेक्षण एजेंसियाँ दावा कर रही हैं कि पहले चरण के मतदान में भाजपा आगे है। यह अच्छी शुरुआत है और मतदान के दूसरे चरण में इस शुरुआत को एक ऐतिहासिक परिणाम में बदलने का संकल्प लेना है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार काफी बढ़ा है।  ‘तीस टक्का भूपेश कक्का’ के राज में 30 टक्का तो सीधे-सीदे ‘ऊपर’ जा रहा है और नीचे जिसको जहाँ जितना मिलता है, वह केवल खाता है। ऐसी भूखी-भ्रष्ट सरकार देश के राजनीतिक इतिहास में कभी नहीं देखी गई। इसे उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।

राजनाथ सिंह ने शनिवार महा रैली को संबोधित करते हुए  कहा कि पाँच सालों से महादेव एप्प के जरिए सट्टा का धंधा चल रहा है। लगता है, महादेव जी ने तय कर लिया है कि इस भ्रष्ट सरकार को यहाँ से जाना चाहिए और भारतीय जनता पार्टी की साफ-सुथरी सरकार आनी चाहिए। यहाँ जो घोटाले हुए हैं, उसकी जाँच हो रही है। कुछ दिनों में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। चाहे छत्तीसगढ़ का भ्रष्टाचारी हो, चाहे देश में कहीं का भी भ्रष्टाचारी हो, आरोप सिद्ध होने पर भाजपा की सरकार उसे माफ नहीं करेगी, उसे जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा। सिंह ने कहा कि 25 साल पहले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था। छत्तीसगढ़ आदिवासी बहुल क्षेत्र है। 15 वर्षों तक यहाँ भाजपा की सरकार रही है। डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री के रूप में अपनी भूमिका का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। लेकिन 2018 में कांग्रेस की सरकार आई और उसके बाद प्रदेश की जनता ने देखा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई। अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा। अनेक गरीब परिवार की बेटियाँ गायब हो गईं। ऐसे अनेक मुद्दे हैं, जिनके मद्देनजर छत्तीसगढ़ की सत्ता से कांग्रेस को खदेड़ देने की जरूरत है। मानव तस्करी के साथ-साथ नशे का कारोबार भी यहाँ तेजी से बढ़ा है। आम छत्तीसगढ़िया आज हर तरफ खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

सिंह ने कहा कि रोजगार का जहाँ तक प्रश्न है, पीएससी में घोटाला करके युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम भूपेश सरकार ने किया। कांग्रेस नेताओं और बड़े अफसरों के बेटे-बेटियों रिश्तेदारों की भर्ती करके कांग्रेस सरकार ने धोखा किया। भाजपा की सरकार आने के बाद पीएससी भर्ती की गड़बड़ियों की भी जाँच कराई जाएगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। छत्तीसगढ़ तो कांग्रेस का एटीएम बन गया है। लोग कहते हैं, पार्टी फंडिंग का पैसा दिल्ली जाता है। घोटाले ही घोटाले हो रहे हैं, लूट ही लूट मची है। कांग्रेस का एक पसंदीदा घोटाला कोयला घोटाला है। केंद्र में जब कांग्रेसनीत यूपीए की सरकार थी तब भी कोयला घोटाला हुआ था। कोयला से कांग्रेस के लोगों का ऐसा याराना है कि जब भी इनको कोयला दिखाई देता है।

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख में से 16 लाख घर प्रदेश की भूपेश सरकार ने बनने ही नहीं दिए। इसी तरह 17 लाख परिवार केंद्र की जल जीवन योजना से वंचित रह गए। भाजपा सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में प्रधानमंत्री आवास के लिए राशि जारी की जाएगी। दो साल में कोई घर जल जीवन योजना से वंचित नहीं रहेगा। कांग्रेस के राज में नक्सलवाद फिर बढ़ा है। भाजपा की सरकार बनने के बाद तीन-चार वर्षों के भीतर नक्सलवाद को खत्म कर दिया जाएगा। सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण हो रहा है। प्रलोभन देकर किसी का जबरिया धर्मांतरण क्यों किया जाना चाहिए? भाजपा की सरकार धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए प्रावधान करेगी। धान खरीदी को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार मिथ्या प्रलाप करके प्रदेश को गुमराह करने में लगी है। भाजपा की सरकार अब 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर किसानों का प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदेगी। भाजपा सरकार बनने के छह माह के भीतर छत्तीसगढ़ के सभी किसानों के खाते बैंकों में खुलवाए जाएंगे। कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश पर कर्ज का बोझ लाद दिया है। भाजपा की सरकार इस कर्ज के बोझ से भी मुक्ति दिलाएगी।

इससे पहले सभा को सीतापुर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकुमार टोप्पो सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय मंत्री व राँची की पूर्व महापौर डॉ. आशा लकड़ा, झारखंड के विधायक अनंत ओझा, जिला भाजपा अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व सांसद कमल भान सिंह, अखिलेश सोनी, भारत सिंह सिसोदिया, अभिमन्यु गुप्ता, देवनाथ पैकरा, प्रभात खलखो, अनिल निराला एवं अरुणा सिंह उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *