चुनावी सभा में स्मृति ईरानी ने कहा- “मोदी जी काशी विश्वनाथ बनाते हैं, कांग्रेसी महादेव के नाम पर सट्टे का व्यापार चलाते हैं”

मिसाल न्यूज़

लोरमी/मुंगेली। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने आज लोरमी विधानसभा के ग्राम कोतरी में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी काशी विश्वनाथ बनाते हैं, चार धाम की यात्रा कराते हैं। कांग्रेसी महादेव के नाम पर सट्टे का व्यापार चलाते हैं। यही वो कांग्रेस है जिसने भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न चिन्ह लगाया था। आगामी 22 जनवरी को राम मंदिर का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। हमारी सरकार आने पर छत्तीसगढ़ की जनता को रामलला के दर्शन करायेंगे।

श्रीमती स्मृति ईरानी ने कहा कि हाथ में गंगा जल लेकर शराब बंदी की बात कांग्रेस ने की। माताओ बहनों के साथ छलावा कर गंगा मैया की झूठी कसम खाने का पाप सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। और अब फिर वही कांग्रेस आपके द्वार पर आयी है। ऐसे वादाखिलाफी कर झूठी सौगंध खाने वालों के बहकावे में नही आना है और 17 तारीख को भाजपा को वोट देकर अरूण साव को जीताना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भोली भाली जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपकर भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया लेकिन वे सट्टा कारोबारियों के साथी बन गए। कांग्रेस पार्टी ने पाप के पैसे से तिजोरियां भरी है। मुख्यमंत्री 508 करोड़ रूपये लिये बैठे हैं। ये पब्लिक है सब जानती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सट्टे को संरक्षण दिया और प्रदेश की भोली भाली जनता को छलने का काम किया है। शराब की लत लगाकर गरीब का घर बर्बाद करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है और गांधी खानदान की तिजोरियां भरी है। ऐसे काम करने वाली कांग्रेस को प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी।

श्रीमती ईरानी ने कहा कि  कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को पांच सौ रूपये देने की बात कही थी लेकिन आज तक नहीं दिया। घर की लक्ष्मी को झूठ बोलकर अपमानित करने का काम भी कांग्रेस ने किया है। भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश की प्रत्येक विवाहित महिलाओं को 12 हजार रूपये सालाना ससम्मान दिया जायेगा और यह मोदी जी की गांरटी है। इसके साथ भाजपा सरकार आने पर 21 क्विंटल धान 31 सौ रूपये की दर से खरीदकर एक मुश्त राशि देंगे। साथ ही पांच सौ रूपये में गैस सिलेंडर दिया जायेगा।

सभा को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व लोरमी प्रत्याशी अरूण साव, कवर्धा प्रत्याशी विजय शर्मा, डोंगरगांव प्रत्याशी भरत वर्मा एवं कोमल गिरी गोस्वामी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक तोखन साहू, भाजपा जिला उपाध्यक्ष धनेश साहू, जिला पंचायत सदस्य दुर्गा उमाशंकर साहू, शीलू साहू, रानू संजय केशरवानी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, दिनेश साहू, महाजन जायसवाल एवं विधानसभा मीडिया प्रभारी विश्वास दुबे उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *