नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान… कर्मचारी संघ को पुनर्गठित करने का सूझाव…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम रायपुर के कर्मचारी एकता संघ के तत्वावधान में  आज शाम सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता के.के. शर्मा, कर्मचारीगण रामकृष्ण वर्मा, कांशीनाथ शर्मा एवं तुलाराम साहू को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदत्त कर उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

नगर निगम मुख्यालय में हुए इस आयोजन में नगर निगम अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटीक, विनोद पाण्डेय, उपायुक्त डी.के. निर्मलकर, राजेश्वरी पटेल, जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे, मुख्य अभियंता यू.के. धलेन्द्र, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, सेवानिवृत्ति राजस्व अधिकारी अरूण दुबे,सेवानिवृत्त सहायक राजस्व अधिकारी सुरेन्द्र दुबे, सेवा निवृत्त प्रेस मैनेजर सुमंगल उपाध्याय, सेवानिवृत्त वरिष्ठ लिपिक हरगोविंद जोशी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

इस अवसर पर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम रायपुर कर्मचारी एकता संघ के तत्वावधान में नगर निगम रायपुर को सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों, कर्मचारियों का आयोजन पूर्वक ससम्मान किया जाना एक अच्छी स्वस्थ परंपरा है। इसका सभी को स्वागत करना चाहिए। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों के दीर्घायु, स्वस्थ, सुखी जीवन की कामना की। अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटिक ने बताया कि सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों को उपादान राशि, अवकाश नगदीकरण के सभी प्रकरणों में तत्काल भुगतान नगर निगम द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है।
जोन कमिश्नर  विवेकानंद दुबे ने सेवानिवृत्त अधिकारियों कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा पुनः प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की एवं इसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हित में निरूपित किया। उन्होने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निदान हेतु कर्मचारियों की जागरूकता एवं एकजुटता का सुझाव दिया। सहायक राजस्व अधिकारी प्रमोद जाधव ने सेवानिवृत्त निगम अधिकारियों कर्मचारियों को शत प्रतिशत संख्या में पेंशन दिये जाने एवं अस्वस्थ अधिकारियों कर्मचारियों के त्वरित उपचार हेतु उन्हें स्वास्थ्य स्मार्ट कार्ड दिये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निगम रायपुर में वर्ष 2004 के बाद नियुक्त सभी निगम अधिकारियों कर्मचारियों को पेंशन देने का निर्णय नगर निगम स्तर पर प्रस्ताव बनाकर लिया जाना चाहिए। नगर निगम में निरंतर 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके प्लेसमेंट कर्मचारियों को ठेका पद्धति के स्थान पर सीधे नगर निगम से उनके खाते में वेतन का भुगतान किया जाना चाहिए। प्लेसमेंट कर्मचारियों को 4000 रू. श्रम सम्मान निधि दिया जाना चाहिए।

सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता श्री के.के. शर्मा ने अपने संस्मरण सुनाए एवं सभी का आभार व्यक्त किया। सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी अरूण दुबे ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के पूर्व मध्यप्रदेश में रायपुर नगर पालिक निगम कर्मचारी महासंघ की अपनी एक विशिष्ट पहचान पूरे प्रदेश में रही है। उन्होंने नगर निगम रायपुर में कर्मचारी संघ को पुनर्गठित करने की आवश्यकता के संबंध में सुझाव दिया । सेवानिवृत्त सहायक राजस्व अधिकारी सुरेन्द्र दुबे ने मंच से अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटिक एवं विनोद पाण्डेय की संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों कर्मचारियों की सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने में अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटिक एवं विनोद पाण्डेय की संवेदनशीलता वास्तव में सराहनीय है। कार्यक्रम का संचालन एवं अंत में आभार प्रदर्शन निगम कर्मचारी जितेन्द्र नियाल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *