रायपुर दक्षिण उप चुनाव में कांग्रेस की एकजुटता, भाजपा में बिखराव- दीपक बैज

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आज दक्षिण विधानसभा उप चुनाव के प्रचार का अंतिम दिन है। चुनावी मैदान में एक ओर जहां कांग्रेस की एकजुटता दिख रही है, वहीं भाजपा का बिखराव जन चर्चा का विषय बना हुआ है। केवल एक खेमा भाजपा का चुनाव प्रचार करते हुए दिख रहा है।

पुराने कांग्रेस भवन में आज पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि इस चुनाव का प्रमुख मुद्दा सक्रिय बनाम निष्क्रिय है। भाजपा के प्रत्याशी को जनता ने कई अवसर दिये। वे महापौर रहे, आरडीए अध्यक्ष रहे, सांसद रहे लेकिन अपनी एक भी उपलब्धि पूरे चुनाव अभियान में जनता को नहीं बता पाए। हमारा प्रत्याशी युवा है, सक्रिय है, जुझारू है। बैज ने कहा कि दक्षिण में 4 बार भाजपा का विधायक रहे अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री थे। 15 सालो तक छत्तीसगढ़ में मंत्री थे लेकिन रायपुर के चारो विधानसभा में सबसे कम विकास कार्य रायपुर दक्षिण में हुआ। कल प्रेस कांफ्रेंस लेकर बृजमोहन जी दावा कर रहे थे कि अपने विधानसभा क्षेत्र में उन्होने 5000 करोड़ का विकास कार्य करवाया है। हम उनको चुनौती देते है कि इस तथाकथित विकास कार्य की सूची सार्वजनिक करें।

बैज ने कहा कि इस चुनाव में जनता भाजपा सरकार के 11 माह के कुशासन के खिलाफ मतदान करेगी। इस चुनाव में जनता, प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था के खिलाफ रोज हो रही हत्याओं, लूट, बलात्कार की घटनाओं के विरोध में मतदान करेगी। प्रदेश की राजधानी रायपुर में 5 बार गोलीबारी हो चुकी है। दीपावली के दिन 9 हत्याएं होती है जनता इस बिगडे़ कानून व्यवस्था के खिलाफ मतदान करेगी।

पत्रकार वार्ता में एआईसीसी संयुक्त सचिव एवं छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी विजय जांगिड़, पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, विधायक संगीता सिन्हा, वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर, सत्यप्रकाश सिंह एवं जिला महामंत्री श्री निवास उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *